मुंबई ( सं. भा.) पेट्रोल-डीजल के सीमित उपयोग और आर्थिक चुनौतियों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा की गई टिप्पणी के बाद सियासत गरमा गई है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की बात का अर्थ राहुल गांधी समझ ही नहीं पाए और देश की जनता उन्हें पहले ही नकार चुकी है।
पत्रकारों से बातचीत में फडणवीस ने कहा कि मौजूदा समय में वैश्विक स्तर पर आर्थिक दबाव बढ़ा है और कई देशों में पेट्रोल-डीजल तथा ऊर्जा संसाधनों की कमी देखी जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत में हालात नियंत्रण में हैं और प्रधानमंत्री मोदी ने केवल संसाधनों के संतुलित उपयोग तथा विदेशी मुद्रा बचाने के उद्देश्य से लोगों से अपील की थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहीं भी लोगों पर बोझ डालने की बात नहीं कही, बल्कि जिम्मेदारी के साथ संसाधनों का उपयोग करने का संदेश दिया है। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता प्रधानमंत्री की बात को अच्छी तरह समझती है, लेकिन राहुल गांधी उसका सही मतलब नहीं समझ पाए।
फडणवीस ने कांग्रेस नेतृत्व पर भी हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने दावा किया कि कई राज्यों में कांग्रेस लगातार कमजोर हो रही है और पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व प्रभावी फैसले लेने में असफल साबित हो रहा है।
दरअसल, राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी की अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि सरकार जनता से त्याग की मांग कर रही है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर आरोप लगाया था कि सरकार अपनी जिम्मेदारियों से बचने के लिए आम लोगों पर बोझ डाल रही है। राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर भी सवाल उठाए थे।
प्रधानमंत्री की अपील और विपक्ष की प्रतिक्रिया के बाद यह मुद्दा अब राष्ट्रीय राजनीति में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है। बयानबाजी के बीच सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने नजर आ रहे हैं।
पेट्रोल-डीजल मुद्दे पर गरमाई राजनीति, फडणवीस ने राहुल गांधी को घेरा
RELATED ARTICLES


