spot_img
Homeमहाराष्ट्रप्रॉपर्टी टैक्स सेवाएं होंगी डिजिटल, BMC खर्च करेगी 2 करोड़

प्रॉपर्टी टैक्स सेवाएं होंगी डिजिटल, BMC खर्च करेगी 2 करोड़

मुंबई, (सं.भा.) मुंबईकरों के लिए प्रॉपर्टी टैक्स से जुड़ी सेवाओं को और आसान बनाने की दिशा में बीएमसी कदम बढ़ा रही है। मनपा के असेसमेंट एंड कलेक्शन विभाग ने डिजिटल प्रॉपर्टी टैक्स सेवाओं और करदाताओं से ऑनलाइन संवाद के लिए एजेंसी नियुक्त करने का फैसला किया है। इसके लिए करीब 2 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया है। एजेंसी के चयन के बाद डिजिटल सुविधा को लागू किया जाएगा।
टेंडर के मुताबिक, चयनित एजेंसी बीएमसी के असेसमेंट एंड कलेक्शन विभाग के लिए डिजिटल प्रॉपर्टी टैक्स लेन-देन और कम्युनिकेशन से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराएगी। इसके लिए एंटरप्राइज सोशल मैसेजिंग चैनलों का इस्तेमाल किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रॉपर्टी टैक्स से संबंधित जरूरी सूचनाएं करदाताओं तक डिजिटल माध्यम से पहुंचाना और विभाग तथा नागरिकों के बीच संवाद को आसान बनाना है।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद करदाताओं को बकाया प्रॉपर्टी टैक्स, भुगतान की समयसीमा और अन्य जरूरी जानकारियों के लिए डिजिटल रिमाइंडर भेजे जा सकेंगे। बीएमसी का मानना है कि इससे समय पर टैक्स भुगतान को बढ़ावा मिलेगा और बकाया राशि की वसूली में मदद मिलेगी।
अधिकारी के अनुसार, एजेंसी की मदद से मुख्य रूप से करदाताओं को समय पर रिमाइंडर भेजने और बकाया टैक्स के भुगतान की जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था तैयार की जाएगी।
बीएमसी की आय में प्रॉपर्टी टैक्स का बड़ा योगदान है। मनपा को हर वर्ष प्रॉपर्टी टैक्स से करीब 8,000 से 10,000 करोड़ रुपये तक की आय होती है। ऐसे में डिजिटल माध्यम से करदाताओं से संपर्क बढ़ाने और टैक्स भुगतान को आसान बनाने की यह पहल राजस्व संग्रह को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com