डीओ अभय जगताप
- जुनियर इंजिनियर को बनाया वसुलीबाज
मुंबई (सं. भा.)। कांदिवली पश्चिम के चारकोप गांव के पास बने डिंगेश्वर मंदिर के बगल में कांट्रेक्टर माने द्वारा खुलेआम मैंग्रोव्ज को नष्ट कर वहां बड़े बड़े अवैध गाले बनाए जा रहे हैं। जिस जमीन पर अवैध गाले बने हैं उसका सीटीएस नंबर ४ और सर्वे नंबर ३९ है। कांट्रेक्टर माने की माने तो उसके इस अवैध काम को आर/साउथ वार्ड के बिल्डिंग एंड फैक्ट्री डिपार्टमेंट के डीओ अभय जगताप के रहते कोई बाल भी बांका नहीं कर सकता है। कांट्रेक्टर माने का यह भी कहना है कि डीओ अभय जगताप ने ही अपने माहतहत काम करने वाले ठाकुर नामक जुनीयर इंजीनियर को वसूली के लिए तैनात कर रखा है। कांट्रेक्टर माने की बातों में कितनी सच्चाई है इसका खुलासा तो डीओ अभय जगताप ही कर सकते हैं। पर कांट्रेक्टर माने के दावों की सच्चाई इसी से पता चलती है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद उसके द्वारा बनाए गए अवैध गालों पर कभी मनपा आर/साउथ ने एक हथौड़ी तक नहीं चलाया है।



बता दें कि परिवर्तन फाउंडेशन द्वारा चारकोप गांव के पास मैंग्रोव्ज को काट कर वहां बनाए जा रहे अवैध चालियों और गालों के खिलाफ २०१५ से लगातार शिकायत किया जा रहा है। एक संस्था द्वारा इतने सालों से लिखित शिकायत किए जाने के बावजूद मनपा आर/साउथ वार्ड के डीओ और जुनियर इंजीनियरों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रहा है। इस पूरे मामले को लेकर परिवर्तन फाउंडेशन के अध्यक्ष राजकिशोर तिवारी ने जल्द ही लोकायुक्त को शिकायत करने की बात कही है।


