नालासोपारा (सं. भा.)। आर्थिक तंगी के चलते पढ़ाई और काम के बीच जूझ रहे दो नाबालिग बच्चों के लिए समाज की पहल उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आई। मोरेगांव क्षेत्र में रहने वाले इन बच्चों को स्कूल जाने में हो रही परेशानी को देखते हुए जागरूक नागरिकों ने उन्हें साइकिल उपलब्ध कराई, जिससे अब उनकी शिक्षा का सफर आसान हो सकेगा।
दरअसल, कुछ दिन पहले एक कार्यक्रम के दौरान इन बच्चों को कैटरिंग का काम करते देखा गया था। कम उम्र में मेहनत करते इन बच्चों की स्थिति ने वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। जानकारी लेने पर पता चला कि स्कूल की दूरी और आने-जाने के साधन की कमी के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही थी।
बच्चों की इस समस्या को समझते हुए दमयंती दत्तात्रेय देशमुख फाउंडेशन ने मदद का जिम्मा उठाया और उन्हें नई साइकिलें भेंट कीं। आयोजित कार्यक्रम में विधायक राजन नाईक के हाथों इन साइकिलों का वितरण किया गया।
साइकिल मिलने के बाद बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। इस मौके पर नगरसेवक पंकज देशमुख ने कहा कि यह पहल सिर्फ साइकिल देने तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के भविष्य को संवारने और उनके सपनों को आगे बढ़ाने की एक सार्थक कोशिश है।
समाज की पहल से बदली तस्वीर, बच्चों को मिली साइकिल
RELATED ARTICLES


