- मुंबई भाजपा अध्यक्ष शेलार के नेतृत्व में हुआ विरोध प्रदर्शन
मुंबई (सं. भा.) आगामी मनपा चुनाव से पहले मुंबई में रोहिंग्या और बांग्लादेशी मुसलामानों को लेकर बवाल मचेगा। दरअसल मनपा चुनाव को देखते हुए मतदाताओं के ध्रुवीकरण की कोशिश एक बार फिर तेज हुई है, जिसके तहत भाजपा ने बांग्लादेशी, रोहिंग्या मुसलमानों के खिलाफ मुहिम शुरू की है। मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार के नेतृत्व में शनिवार को दादर स्टेशन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया गया। शेलार ने कहा कि मराठी व्यक्तियों के बल पर पैसा कमाना एवं बांग्लादेशी, रोहिंग्या मुसलमानों पर उसका उपयोग किया जाना भाजपा कत्तई बर्दाश्त नहीं करेगी। पिछले दिनों दादर व आस-पास के इलाकों में फुटपाथ पर व्यवसाय करने वाले बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़कर पुलिस को सुपुर्द किया गया था, जिसको लेकर भाजपा माहिम विस इकाई की तरफ से प्रदर्शन किया गया।

उद्धव ने बंद की फेरीवालों की योजना
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए शेलार ने कहा कि बांग्लादेश से यहां आ कर जमीन कब्जा करने वालों पर कार्रवाई होनी ही चाहिए। स्थानीय लोगों को उनका अधिकार मिले, इसको लेकर भाजपा हमेशा आगे रही है। बांग्लादेशी घुसपैठिये एवं जो भारत के नागरिक नहीं हैं उनके खिलाफ पुलिस एवं मुंबई मनपा को मिलकर कार्रवाई करनी चाहिए। आशीष शेलार ने पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर हमला करते हुए कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने फेरीवालों के लिए योजना शुरू की थी, जिसे उद्धव की शिवसेना ने बंद की एवं उसका विरोध भी किया।
महाविकास आघाड़ी सरकार के समय केवल ८ हजार फेरीवालों को सहायता मिली थी। अब शिंदे- फडणवीस सरकार के कार्यकाल में 1 लाख 12 हजार फेरीवालों सहायता मिली है। शेलार ने तंज कसते हुए कहा कि फेरीवालों की मदद रोकने कि बजाय जमाल शमसुद्दीन की खोज करनी चाहिए थी।


