मुंबई (सं. भा.) बोरिवली पुलिस ने 70 वर्षीय वामन मल्हार जोशी की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है. पुलिस ने इस मामले में पूर्व नौकर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि जोशी की हत्या लूट के उद्देश्य से की गयी थी. उनके घर से 10 हजार रुपए नकदी लूटी गयी थी.
बोरीवली (प.) में वामन मल्हार जोशी (70) 16 अप्रैल को घर पर अकेले थे. उनकी हत्या कर दी गयी. जब उनके बेटे विलास जोशी घर आए, तो हर की हालत देखकर उनके होश ही उड़ गए. उनके पिता फर्श पर पड़े हुए थे और घर का सामान बिखरा हुआ था. वह पिता को पास के अस्पताल में ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
विलास ने बोरिवली पुलिस को इसकी सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरु की. बोरिवली पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक लक्ष्मण डुंबरे के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक रवि अडाणे, सहायक पुलिस निरीक्षक नायर, उप निरीक्षक मोरे, निरगुडे एवं चव्हाण की टीम ने मृतक के घर आने-जाने वाले रिश्तेदारों, दोस्तों एवं उनकी दुकान में काम करने वाले नौकरों से पूछताछ की. पुलिस ने उनके यहां काम करने वाले पूर्व नौकरों से भी पूछताछ की. पुलिस को जांच के दौरान पूर्व नौकर महेश चंद्र गौड़ा (28) की स्थिति संदिग्ध लगी. जब उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो खुलासा हुआ कि उसने अपने दो साथियों किरण कुमार गौड़ा (27) और अनील कुमार गौड़ (27) के साथ मिलकर वृद्ध वामन जोशी की हत्या की. उन्हें जोशी के घर से मोटी रकम मिलने की उम्मीद थी, लेकिन उनके हाथ 10 हजार रुपए ही लगे. वे घर की तिजोरी खोल नहीं पाए थे.


