मुंबई (सं. भा.)
पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान की ‘वनरानी’ मिनी ट्रेन शुरू होने के कुछ ही दिनों बाद तकनीकी खराबी के चलते बंद हो गई है। इससे न सिर्फ पार्क प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े हो गए हैं, बल्कि घूमने आए पर्यटकों में भी निराशा देखने को मिल रही है।
दरअसल, करीब पांच साल बाद इस मिनी ट्रेन सेवा को आधुनिक रूप में फिर से शुरू किया गया था और 14 मार्च 2026 को इसका उद्घाटन किया गया था। लेकिन महज 12 दिन के भीतर ही यह सेवा ठप पड़ गई।
जानकारी के मुताबिक, 23 मार्च की शाम नियमित संचालन के दौरान ट्रेन के ट्रैक और इंजन से जुड़ी तकनीकी खामियां सामने आईं। इसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर सेवा को तुरंत बंद कर दिया गया।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मरम्मत कार्य तेजी से किया जा रहा है। इंजन की क्षमता बढ़ाने के लिए उसमें अतिरिक्त पावर मोटर लगाने की प्रक्रिया जारी है, वहीं ट्रैक की भी जांच और सुधार का काम किया जा रहा है ताकि आगे संचालन सुचारु रहे।
इसके अलावा ट्रेन के सभी तकनीकी हिस्सों की गहन जांच कर खराब उपकरणों को बदला जा रहा है और भविष्य में नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए नई व्यवस्था तैयार की जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह ट्रेन हाल ही में गुजरात से लाई गई थी। ऐसे में इतने कम समय में इसके बंद होने से निर्माण और गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
फिलहाल वन विभाग जल्द से जल्द ‘वनरानी’ को दोबारा शुरू करने के प्रयास में जुटा है, ताकि पर्यटकों को फिर से इस सुविधा का लाभ मिल सके।
वनरानी’ की रफ्तार पर ब्रेक, तकनीकी दिक्कत से सेवा ठप
RELATED ARTICLES


