‘मे. मफतलाल इंडस्ट्रीज लिमिटेड‘ ने उच्च न्यायालय में दी थी चुनौती
मुंबई. भायखला स्थित ‘वीरमाता जिजाबाई भोसले उद्यान व प्राणीसंग्रहालय’ (रानी बाग़) के विस्तार का रास्ता साफ़ हो गया है.जमीन अधिग्रहण के खिलाफ दायर एक याचिका को मुंबई उच्च न्यायालय ने ख़ारिज कर दिया है. रानी बाग़ से सट कर 27 हजार, 284.36 वर्ग मीटर क्षेत्र का भूखंड है. इस भूखंड पर मनपा ने उद्यान व प्राणी संग्रहालय के विस्तार करने की योजना तैयार की है.
मुंबई शहर जिलाधिकारी के आदेश पर यह भूखंड 7 जनवरी वर्ष 2017 को मनपा को हस्तांतरित किया गया,लेकिन इस हस्तांतरण के खिलाफ ‘मे. मफतलाल इंडस्ट्रीज लिमिटेड’ ने उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल की थी. गुरूवार को न्यायमूर्ति सत्यरंजन धर्माधिकारी व न्यायमूर्ति भारती डांगरे की खंडपीठ के समक्ष सुनवाई हुई.
जमीन अधिग्रहण के खिलाफ दावा ख़ारिज
सुनवाई के बाद अदालत ने याचिका ख़ारिज करने का आदेश दिया. यह जानकारी विकास नियोजन विभाग प्रमुख अभियंता संजय दराडे ने दी है. रानी बाग़ से लग कर लगभग 54 हजार 568.72 वर्ग मीटर भूखंड है.माझगांव इलाके में सीएस क्रमांक 593 का भूखंड मे. मफतलाल इंडस्ट्रीज लिमिटेड को किराए पर दिया गया था. महाराष्ट्र शासना की तरफ से वर्ष 2004 में अधिसूचना जारी की की गयी थी जिसके तहत वर्ष 20 17 में लीज की अवधि समाप्त होने के बाद मुंबई शहर के जिलाधिकारी ने भूखंड का 50 प्रतिशत हिस्सा मतलब 27 हजार, 284.36 वर्ग मीटर क्षेत्र का भूखंड मनपा को दिया था.


