spot_img
Homeउत्तर प्रदेशउमसभरी गर्मी से निजात, झमाझम बारिश की दस्तक

उमसभरी गर्मी से निजात, झमाझम बारिश की दस्तक

जौनपुर (सं. भा.) : मानसून ने रविवार को झमाझम बारिश के साथ दस्तक दे दी। पूरे दिन हुई बारिश से निचले इलाकों में जलभराव व सड़कों पर कीचड़ होने से लोगों को आवागमन में दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। वहीं खेतों में पर्याप्त नमी होने से किसान खरीफ फसलों की खेती में जुट गए हैं। बदले मौसम ने उमसभरी गर्मी से निजात दे दी है।

जनपद में दो दिन से आसमान में छाए बादलों और प्री-मानसून की बारिश ने मानसून के आने का एहसास करा दिया था। रविवार की सुबह से ही बादलों की गरज के साथ तेज बारिश हुई। निचले इलाके में जलभराव होने से संक्रामक बीमारियों का खतरा उत्पन्न हो गया है। दूसरी तरफ नगर में सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कें व गलियां कीचड़ से लथपथ हो गई हैं। इन राहों पर चलने वाले लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डाक्टर पंकज जायसवाल ने बताया कि सुबह से ही पूर्वांचल में मानसून सक्रिय है। तीन-चार दिन तक बादलों की गरज व तेज हवा के झोकों के बीच बारिश होने का अनुमान है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और पछुवां हवाएं 20 किलोमीटर रफ्तार से चलेंगी।

दो दिन से हो रही बारिश के कारण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर परिसर में पानी भर गया है। इससे मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ओपीडी कक्ष तक पहुंचने के लिए मरीजों को पानी में उतरकर ही जाने के अलावा और कोई दूसरा विकल्प नहीं है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यह समस्या पिछले करीब 10 सालों से बनी हुई है। बारिश से रामघाट पर दाह संस्कार में परेशानी

नगर के पचहटिया स्थित अंत्येष्टि स्थल रामघाट पर दो दिनों से हो रही बारिश में लोगों को दाह-संस्कार करने में परेशानी हो रही है। वजह, यहां छांव के लिए लगाया गया सीमेंट शेड गत 23 मई को जलती चिताओं पर गिर गया था। बीस दिन बीत गए, लेकिन अभी तक शेड लगाने की व्यवस्था नहीं हुई।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com