spot_img
Homeउत्तर प्रदेशएक माह में दूसरी बड़ी चोरी, फतेहपुर  में 11 पोल से...

एक माह में दूसरी बड़ी चोरी, फतेहपुर  में 11 पोल से बिजली के तार गायब

फतेहपुर (सं.भा.) देशभर में बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए करोड़ों रुपये की परियोजनाएं चल रही हैं, वहीं विद्युत लाइनों से तार चोरी की घटनाएं विभाग के सामने नई चुनौती बनती जा रही हैं। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक ही क्षेत्र में करीब एक माह के भीतर दूसरी बड़ी चोरी सामने आई है। जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले मौहार गांव में अज्ञात चोर 33 केवी विद्युत लाइन के 11 पोलों से करीब तीन किलोमीटर तार और कंडक्टर काटकर ले गए। घटना के बाद विद्युत विभाग की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

कानपुर-प्रयागराज मार्ग के पास झारखंडेश्वर मंदिर के पीछे खेतों से होकर गुजरने वाली यह लाइन मलवां से बिंदकी रोड विद्युत उपकेंद्र तक जाती है। इसी लाइन के पोलों से तार गायब मिलने के बाद विभाग को घटना की जानकारी हुई। चोरी गए तार की कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है। मामले की जानकारी सामने आने के बाद विभागीय अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है।

यह मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि इससे पहले 12 और 13 सितंबर की रात गुगौली गांव के पास 30 विद्युत पोलों से करीब 5,800 मीटर तार चोरी हुआ था। पुलिस ने उस घटना का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया था, लेकिन चोरी हुआ पूरा सामान बरामद नहीं हो सका था। अब मौहार में हुई वारदात को भी उसी घटना से जोड़कर देखा जा रहा है।

बिंदकी रोड विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता सुंदरम यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पिछली चोरी के दौरान लाइन बंद होने के कारण पूरे क्षेत्र का निरीक्षण नहीं हो पाया था। इसी वजह से मौहार क्षेत्र में तार चोरी की जानकारी समय पर सामने नहीं आ सकी। उन्होंने मौहार की घटना को भी पूर्व की चोरी से जोड़कर जांच किए जाने की बात कही है।

दूसरी ओर, ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर के पीछे स्थित पोलों पर दो दिन पहले तक तार लगे हुए थे। ऐसे में घटना को एक माह पुराना बताए जाने पर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के साथ यह पता लगाने की मांग की है कि तार कब और कैसे काटे गए तथा विभाग को इसकी जानकारी समय पर क्यों नहीं हो सकी। थाना प्रभारी तुषार श्रीवास्तव ने बताया कि अवर अभियंता की शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com