फतेहपुर (सं.भा.) उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद होने की घटनाएं पुलिस की चुनौती बढ़ा रही हैं। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में विद्यालय जा रही एक शिक्षिका को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बनाया। बदमाशों ने शिक्षिका के गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास किया, लेकिन शिक्षिका ने चेन को मजबूती से पकड़ लिया। चेन छीनने में नाकाम बदमाश उनका बैग लेकर फरार हो गए।
मौहार गांव निवासी शिक्षिका शिवानी पत्नी धर्मेंद्र सिंह ई-रिक्शा से प्राथमिक विद्यालय गूनीर जा रही थीं।हाईवे पर ठाकुर हरियाणा होटल के सामने बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने ई-रिक्शा को ओवरटेक किया। इसके बाद बदमाशों ने शिक्षिका के गले में पड़ी सोने की चेन खींचने का प्रयास किया।
अचानक हुए हमले से शिक्षिका ने अपने गले पर हाथ रख लिया और चेन को पकड़ लिया। चेन नहीं खींच पाने पर बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हाईवे पर हुई वारदात से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की गश्त और अपराध नियंत्रण व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कल्याणपुर थाना क्षेत्र में पिछले कुछ समय से छोटी-बड़ी आपराधिक घटनाओं की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में शिक्षिका के साथ हुई वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना को लेकर पुलिस की ओर से जांच की जा रही है। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई जा रही है। स्थानीय स्तर पर पुलिस से दिनदहाड़े होने वाली ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और हाईवे सहित संवेदनशील स्थानों पर गश्त बढ़ाने की मांग की जा रही है।


