spot_img
Homeउत्तर प्रदेशकिताबों से डिजिटल क्लास तक, गांवों में बदल रहा शिक्षा का माहौल

किताबों से डिजिटल क्लास तक, गांवों में बदल रहा शिक्षा का माहौल

लखनऊ (सं.भा.)उत्तर प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में पढ़ाई के तौर-तरीकों में तेजी से बदलाव आ रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा के लिए अब गांव के विद्यार्थियों को हर सुविधा के लिए शहरों का रुख नहीं करना पड़ रहा है। प्रदेश की 57,600 से अधिक ग्राम पंचायतों तक लाइब्रेरी की पहुंच के साथ डिजिटल सामग्री और आधुनिक संसाधन भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

ग्राम पंचायत सचिवालयों में विकसित की जा रही डिजिटल लाइब्रेरी में किताबों के साथ कंप्यूटर, इंटरनेट और ई-लर्निंग की सुविधाएं मिल रही हैं। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलने के साथ समय और खर्च दोनों की बचत हो रही है। खासकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को इसका सीधा लाभ मिल रहा है।

जानकारी के अनुसार वर्ष 2017 से पहले राज्य और जिला स्तर के केवल 76 स्थानों तक ई-लाइब्रेरी की सुविधा सीमित थी। अब इसका विस्तार 57,600 से अधिक ग्राम पंचायतों तक हो चुका है। शिक्षा को तकनीक से जोड़ने के लिए करीब 60 लाख युवाओं को स्मार्टफोन और टैबलेट भी उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा 32 हजार से अधिक सरकारी विद्यालयों में स्मार्ट कक्षाएं और 15 हजार से अधिक विद्यालयों में आईसीटी प्रयोगशालाएं स्थापित की गई हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में शैक्षिक संसाधनों की उपलब्धता से अभिभावकों का भरोसा भी बढ़ा है। ग्राम पंचायत सचिवालय अब केवल प्रशासनिक कामकाज तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि शिक्षा, ज्ञान और डिजिटल सेवाओं के केंद्र के रूप में भी विकसित हो रहे हैं। बहराइच के तेजवापुर क्षेत्र का खसहा मोहम्मदपुर गांव इसका उदाहरण है, जहां ग्राम पंचायत सचिवालय में बनी डिजिटल लाइब्रेरी में कंप्यूटर, प्रिंटर, तेज इंटरनेट, स्मार्ट टीवी और सीसीटीवी की सुविधा है। प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकों के साथ नेशनल बुक ट्रस्ट का साहित्य भी विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराया गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com