घाटमपुर (सं. भा.) : मानव संस्कार सेवा समिति की ओर से नगर के कूष्मांडा देवी मंदिर के यज्ञशाला परिसर में आयोजित सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार समारोह में 67 वटुकों को वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच यज्ञोपवीत धारण कराया गया। वटुकों को आशीर्वाद देने भानुपुरा पीठ (मप्र) के युवाचार्य ज्ञानानंद तीर्थ भी साथी संतों के साथ पहुंचे।
सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार के लिए चयनित वटुकों का परिजनों के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचने का सिलसिला सुबह 9 बजे से ही शुरू हो गया था। जहां मंच पर विराजमान आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच सन्यासी वेशधारी वटुकों यज्ञोपवीत धारण कराया। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर मौजूद परिजनों ने वटुकों को भिक्षा स्वरूप उपहार भी भेंट किए।
दोपहर बाद कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे भानुपुरा पीठ के युवाचार्य ज्ञानानंद तीर्थ ने वटुकों को आशीर्वाद देने के साथ ही यज्ञोपवीत का जीवन में महत्व के बारे में जानकारी दी। इस दौरान उनके साथ शंकर आश्रम कानपुर के स्वामी जय स्वरूप ब्रम्हचारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता गणेश बजरंग मंदिर के महंत श्री कृष्णचंद्र दास ने की। इस दौरान पंकज पांडेय, शिवाकांत त्रिवेदी, बृजनंदन द्विवेदी, सुरेद्र त्रिपाठी आचार्य समेत कई अन्य लोगों ने सक्रिय योगदान किया।


