नालासोपारा (संवाददाता)। पश्चिम पुलिस स्टेशन क्षेत्र में खून का बदला खून लेने का मामला प्रकाश में आया हैं. एक बेटे ने अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए बिल्डर पर जानलेवा हमला किया है. शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अब भी फरार बताए जा रहे हैं. प्रवीण गोपीनाथ दिवेकर (४०) गुरुमाऊली वाघेश्वरी सोसायटी नालासोपारा (प.) में रहता है. दर्ज मामले के अनुसार प्रवीण अपने मोटर साइकिल से घर की ओर जा रहा था. इसी बीच रात्रि ८.३० बजे के आसपास आरोपी विशाल यादव, गणेश नाईक और एक अज्ञात व्यक्ति के साथ मिलकर प्रवीण पर चॉपर व तेजधार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया.
हमले में प्रवीण गंभीर रुप से घायल हो गया, जिसे पश्चिम के रिद्धि विनायक अस्पताल में भर्ती कराया गया, पुलिस नें जांच के बाद प्रवीण की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस उपनिरीक्षक नाईक ने बताया कि शिकायतकर्ता प्रवीण ने वर्ष २०१५ में आरोपी विशाल यादव के पिता की हत्या की थी. हत्या का बदला लेने के लिए यादव ने अपने साथी के साथ मिलकर प्रवीण पर जानलेवा हमला किया है. हमले के मामले में आरोपियों के खिलाफ धारा ३०७, ३४ के तहत मामला दर्ज कर आरोपी गणेश नाईक को गिरफ्तार किया गया है.


