बबेरू, नरैनी (सं. भा.) : ठंड दिनों-दिन जोर पकड़ रही है। शीतल लहर व ठिठुरन से लोग कंपकपा रहे हैं। ठंड की चपेट में आकअलग-अलग जगह किसान व वृद्धा की मौत हो गई। एक अन्य जगह पर ठंड की चपेट में आकर तीसरे किसान की हालत बिगड़ गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अनवान निवासी नरेंद्र सिंह पटेल (55) अट्ठारह बीघे जमीन का काश्तकार था। शनिवार रात वह घर से अन्ना जानवरों से फसल की रखवाली करने खेतों की ओर गया था। वहां देर रात ठंड की चपेट में आने से उसकी हालत बिगड़ गई। इससे वह खेत से किसी तरह घर चला गया। वहां परिजनों के घरेलू उपचार करने पर उसकी हालत में कुछ सुधार हुआ। इससे रविवार सुबह वह फिर से खेतों में खड़ी गेहूं की फसल की रखवाली करने चला गया। खेत में अन्ना जानवरों को फसल चरते देखकर जब वह भगाने लगा तो अचानक इसी बीच वह दोबारा ठंड की चपेट में आ गया। उपचार मिलता उसके पहले वह खेत में ही गश खाकर गिर गया। ग्रामीणों ने उसे बेहोश पड़े देखकर मामले की जानकारी परिजनों को दी। परिजन आनन-फानन जब तक उसे सीएचसी ले गए तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इससे चिकित्सकों ने उसे देखकर मृत घोषित कर दिया। अचानक ठंड की वजह से दम तोड़ने से उसके परिवार में कोहराम मच गया।
उसके तीन बेटे हैं। बड़े बेटे दीपक का कहना है कि उनके ऊपर इलाहाबाद बैंक शाखा बबेरू से एक लाख रुपये का कर्ज है। जो कि अभी माफ नहीं हुआ है। विधायक चंद्रपाल कुशवाहा व पूर्व विधायक विशंभर सिंह यादव ने किसान के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया। विधायक ने मुख्यमंत्री से मिलकर मृतक किसान के परिजनों को आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया। उपजिलाधिकारी अवधेश कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि ठंड से मौत की जानकारी मिली है। मौके पर राजस्व निरीक्षक सूरजभान व लेखपाल दया शंकर को भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दी जायेगी।
उधर नरैनी कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला कृष्णन नगर निवासी शकूर की वृद्ध विधवा नाजोबानो शनिवार रात घर में खाना खाने के दौरान ठंड की चपेट में आ गई। चारपाई पर सोने को लेटने के कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। पुत्र अब्दुल रसीद का कहना है कि तकरीबन दो घंटे बाद जब मां को देखा गया तो वह बिस्तर में अकड़ी मिलीं। मां के नाम चार बीघा जहां खेत हैं वहीं उनके चार बेटे हैं। मामले की सूचना राजस्व कर्मियों को दी गई है। ठंड की चपेट में आने का एक अन्य मामला गिरवां थाना क्षेत्र के ग्राम नाई का है। वहां का किसान भइयालाल (65) शनिवार रात घर में मवेशियों को खाना दे रहा था। ठंड की चपेट में आने से उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।


