नाले में पीली ईट लगाकर चढ़ा दिया प्लास्टर
हसनगंज (सं.भा.) : नगर पंचायत मोहान के आजाद नगर मोहल्ले में 13 लाख 61 हजार की लागत से बनाए जा रहे नाले के निर्माण में जमकर धांधली की गई है। एसडीएम द्वारा निर्माण कार्य में रोकने के निर्देश को ताक पर रख कर ठीकेदार ने अंधेर छिपाने के लिए नाले में लगी पीले ईंटों पर प्लास्टर करा दिया। अब एसडीएम ने जांच के लिए तकनीकी टीम के गठन को लेकर डीएम को रिपोर्ट भेजी है।
नगर पंचायत मोहान के आजाद नगर मोहल्ले में 14वें वित्त आयोग से 13 लाख 61 हजार रुपये की लागत से नाला का निर्माण कराया जा रहा है। ठीकेदार ने नगर पंचायत के अधिकारियों से सेटिग कर दोयम दर्जे की ईंट और गुणवत्ता विहीन मसाला लगवा दिया, जिसको देख कस्बे वालों और सभासदों में आक्रोश व्याप्त हो गया। मानक विहीन नाले का निर्माण होते देख सभासद विजय यादव, दिलीप, संदीप व सांसद प्रतिनिधि गुड्डन निगम की शिकायत पर एसडीएम प्रदीप वर्मा ने शनिवार को मौके पर पहुंचकर जांच की। इस दौरान एक दर्जन ईंटों को उठाकर नीचे छोड़ा गया था तो हर ईंट चकनाचूर हो गई। इस पर एसडीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल काम रोककर ईंट बदलने के निर्देश दिया था। सेटिग का खेल देखिए कि ठीकेदार ने एसडीएम के जाते ही आनन-फानन पीली ईंट छुपाने के लिए नाले पर प्लास्टर करा दिया। एसडीएम प्रदीप कुमार वर्मा ने बताया कि नाला निर्माण की जांच की गई, जिसमें पीली ईंट लगाई गई ह, जिसकी गुणवत्ता की जांच के लिए तकनीकी टीम गठित करने के लिए पत्र डीएम को भेजा है। इससे प्रयोग की गई सामग्री की गुणवत्ता की जांच हो सकेगी।


