मुंबई (सं. भा.)। बेस्ट उपक्रम एवं बेस्ट कर्मियों की दयनीय हालत के लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए बेस्ट कर्मचारियों ने मनपा आयुक्त अजोय मेहता एवं बेस्ट महाप्रबंधक को हटाने की मांग की है । बेस्ट कर्मियों ने शुक्रवार को मनपा मुख्यालय पर मोर्चा निकाला एवं महापौर विश्वनाथ महाडेश्वर को ज्ञापन दिया। मुंबई की दूसरी लाइफ लाइन मानी जाने वाली बेस्ट पिछले कुछ सालों को घाटे से जूझ रही है, जिसका खामियाजा बेस्ट कर्मियों को भुगतना पड़ रहा है।
कर्मचारियों की नियुक्ति नहीं होने से काम का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। इसके बावजूद प्रशासन बेस्ट को घाटे से उबारने के लिए किसी तरह की पहल नहीं कर रहा है यही नही मनपा की तरफ से बेस्ट कर्मियों के साथ सौतेला व्यवसहार किया जा रहा है।
बेस्ट उपक्रम को मनपा ने विलीन करने सहित कर्मचारियों की तमाम मांगे काफी अधिक समय से प्रलंबित हैं बार बार पहल के बावजूद किसी तरह कि कार्रवाई नहीं होने से नाराज कर्मचारियों ने आन्दोलन का निर्णय लिया है, जिसके तहत शुक्रवार को मनपा मुख्यालय पर मोर्चा निकाला गया मोर्चे में बेस्ट कामगार सेना, मुंबई इलेक्ट्रिक्स वर्कर्स यूनियन, बेस्ट कामगार क्रांति जैसे अन्य संगठन शामिल थे।


