कानपुर देहात (सं. भा.) : सोनीपत हरियाणा से कानपुर जा रहे डीसीएम चालक सहित दो शराब तस्कर स्थानीय पुलिस के हत्थे चढ़ गए। ये डीसीएम में लिकर (मिथाइल अल्कोहल) के केन लादे हुए थे। इनके कब्जे से पुलिस ने 100 केन में भरा पांच हजार लीटर लिकर बरामद किया। बाजार में इसकी कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है। पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है।
अकबरपुर कोतवाल विक्रम सिंह कस्बा चौकी प्रभारी दिग्विजय सिंह व अन्य अधीनस्थों के साथ रात्रि गश्त पर थे। मध्य रात्रि के बाद करीब तीन बजे उन्हें हरियाणा से कानपुर की ओर शराब लदी एक डीसीएम के आने की सूचना मिली। इस पर पुलिस ने एआरटीओ कार्यालय के सामने घेरेबंदी कर वाहनों की चे¨कग शुरू कर दी। इसी बीच सिकंदरा से आ रही डीसीएम को पुलिस कर्मियों ने रोकने का प्रयास किया। इस पर डीसीएम को हाइवे किनारे खड़ा कर चालक व उसका साथी भागने लगे। जिन्हें पुलिस कर्मियों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। पकड़े गए लोगों में बाल्मीक मोहल्ला कस्बा व थाना गुन्नौर सोनीपत हरियाणा निवासी चालक अंकित चौहान व रेणा बस्ती ललेड़ी रोड कस्बा व थाना गुन्नौर सोनीपत हरियाण निवासी सुल्तान हैं। दोनों ने पुलिस को बताया कि इस काम का उनको दोगुना किराया मिलता है। इसके पहले भी वह कन्नौज व कानपुर में अल्कोहल की आपूर्ति कर चुके हैं। रास्ते में उनको मोबाइल से ही संदेश दिए जाते हैं। ठिकाने पर पहुंचने के बाद दिए गए मोबाइल पर संपर्क करने के बाद इस कारोबार से जुडे़ लोग आकर उनकी गाड़ी को अपने साथ ले जाकर खाली करने के बाद वापस दे जाते हैं। इसलिए माल कहां उतरता है यह उनको पता नहीं है। एसपी रतनकांत पांडेय ने बताया कि डीसीएम में 100 केन में लदी पांच हजार लीटर अल्कोहल (कंसंट्रेट मिथाइल अल्कोहल)बरामद हुआ है। उन्होने बताया कि मामले में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर पकड़े गए डीसीएम चालक व उसके सहयोगी से शराब की आपूर्ति करने व इस कारोबार से जुड़े लोगों का पता कराया जा रहा है। पुलिस टीम को उन्होने दस हजार रुपये का इनाम देने की भी घोषणा की।


