मुंबई (सं. भा.)। सरकार द्वारा जिन किसानों को कर्जमाफी दी गयी हैं या एकमुश्त कर्ज वापसी योजना (ओटीएस) के अंतर्गत मंजूर कर्ज खातों पर बैंक ३१ जुलाई, २०१७ से ब्याज नहीं ले सकेंगे। इस संबंध में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सभी बैंकों को निर्देश दिया है।
छत्रपति शिवाजी महाराज किसान सम्मान योजना का मुख्यमंत्री ने गुरुवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए प्रगति की जानकारी ली। इससे पहले सीएम ने बैंकर्स समिति की बैठक में कहा कि ऐसी खबरें आ रही हैं कि कुछ बैंक जुलाई २०१७ के बाद भी किसानों से ब्याज ले रहे हैं।
बैंको को जुलाई २०१७ के बाद कर्ज माफ किसी भी खाते पर ब्याज नहीं लेना है, जो बैंक किसानों से इस अवधि में ब्याज लेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। सीएम ने कहा कि कर्जमाफी योजना के अंतर्गत कुल ३१.३२ लाख कर्ज खातों पर १२ हजार, ३०० करो़ड से अधिक रकम संबंधित कर्ज खातों में ट्रांसफर किये गए।
बैंको को दिया आदेश
काफी किसानों द्वारा उपलब्ध कराई गयी जानकारी बैंक के कागज से मेल नहीं खा रही है, ऐसे किसानों की जानकारी बैंकों के पास भेजी जा रही है। २१.६५ लाख खातों में से १३.३५ लाख खातों की जानकारी बैंकों ने अपलोड कर दी है।
बाकी कर्ज खातों की जानकारी अगले तीन दिनों में सभी जिला बैंको, राष्ट्रीयकृत बैंकों और व्यावसायिक बैंको के पोर्टल पर डाल दी जायेगी। सीएम ने निर्देश दिया कि कर्जमाफी की रकम जल्द से जल्द पात्र किसानों के खाते में जमा करने के लिए बैंक व तालुका स्तरीय समिति काम करे। सीएम ने कहा कि ओटीएस का लाभ देने के लिए बैंकों को किसानों के बीच विशेष मुहिम चलानी चाहिए। जिससे किसान अपना बकाया कर्ज जल्द भर दें। जिससे उन्हें डे़ढ लाख रुपए के बाद कर्ज माफी का लाभ मिल सकें।


