फतेहपुर (सं. भा.) : देखरेख के अभाव में जिस तरह से शहर में नाला निर्माण हो रहा है उससे आने वाले समय में बड़ी मुसीबत होकर खड़ी हो जाएगी। भवनों के साइड में खाली जगह छोड़कर कराए जा रहे नाला निर्माण को लेकर स्थानीय जनता में खासा आक्रोश है।
कार्यदाई संस्था द्वारा इसके पूर्व इसी सड़क में मार्ग को संकरा किए जाने का आरोप लगा था। सदर पालिका के बांदा-टांडा मार्ग से पटेल नगर चौराहे तक नाला निर्माण का कार्य एक साल से चल रहा है। आईटीआई संस्थान के सामने नाला निर्माण की कार्य योजना पर प्रश्नचिह्न लगाया गया था। लोगों का आरोप था कि बिना वजह कार्यदाई संस्था ने युसुफ क्लब के सामने चार फिट जगह छोड़कर नाला निर्माण कर दिया है। जिससे मार्ग संकरा हो गया है। आने वाले समय में यह दिक्कत खड़ी करेगा। अब कार्यदाई संस्था निर्माण कार्य करते हुए पटेल नगर चौराहे तक पहुंच गई है। चौराहे पर बने एक बड़े कांप्लेक्स के सामने सड़क काटकर संकरी कर दी गई है जबकि भवन साइड में खाली जगह छोड़ दी गई है। जिसको लेकर लोगों में आक्रोश व्याप्त है। इस संबंध में पालिका चेयरमैन नजाकत खातून का कहना है कि नाला निर्माण जलभराव की समस्या से निजात के लिए कराया जा रहा है। जगह छोड़कर सड़क को संकरा नहीं करने दिया जाएगा। इस संबंध में डीएम से दूरभाष पर वार्ता हुई है। मंगलवार को वह पूरा पक्ष रखने जाएंगी।


