चरैवेति। चरैवेति।
चलते रहो, चलते रहो।
भय-बाधाओं को पार करते हुए साहस के साथ निरंतर चलते रहो।
इंद्र इच्छवाकु नरेश राजा हरिश्चंद्र के बेटे रोहित से कहते हैं– “ हे रोहित, परिश्रम से न थकने वाले व्यक्ति को भांति-भांति का वैभव मिलता है। एक ही स्थान पर निष्क्रिय बैठे रहने वाले विद्वान व्यक्ति तक को लोग तुच्छ मानते हैं । विचरण में लगे जन का इन्द्र यानी ईश्वर साथी होता है । अतः चलते रहो, चलते रहो।
“निरंतर चलने वाले की जंघाएं पुष्पित होती हैं, जिन पर सुगंधित एवं फलीभूत होने वाले फूल लगते हैं, और जिसका शरीर बढ़ते हुए वृक्ष की भांति फलों से पूरित होता है। प्रकृष्ट मार्गों पर श्रम के साथ चलते हुए उसके समस्त पाप नष्ट हो जाते हैं। अतएव , चलते रहो, चलते रहो।
“जो मनुष्य बैठा रहता है, उसका सौभाग्य भी रुका रहता है । जो उठ खड़ा होता है उसका सौभाग्य भी उसी प्रकार उठता है । जो पड़ा या लेटा रहता है उसका सौभाग्य भी सो जाता है । और जो विचरण में लगता है उसका सौभाग्य भी चलने लगता है । इसलिए चलते रहो, चलते रहो।
``शयन की अवस्था कलियुग के समान है, जगकर सचेत होना द्वापर के समान है, उठ खड़ा होना त्रेता सदृश है और उद्यम में संलग्न एवं चलनशील होना कृतयुग के समान है । अतः चलते रहो, चलते रहो।
“भ्रमण करते हुए मनुष्य को मधु प्राप्त होता है, उसे उदुम्बर सरीखे सुस्वादु फल मिलते हैं । सूर्य की श्रेष्ठता को तो देखो जो विचरणरत रहते हुए आलस्य नहीं करता है । उसी प्रकार तुम भी चलते रहो, चलते रहो।”

संगठन भारत के प्रथम अंक का विमोचन
साप्ताहिक पत्र संगठन भारत और श्री राज किशोर तिवारी की १४ सालों की पत्रकारिता की यात्रा बरबस ही ऐतरेय ब्राह्मण के इंद्र और रोहिताश्व की कथा की याद दिला देती है। इंद्र ऊपर कहे हानि-लाभ गिनाते हुए रोहित से बार-बार कहते हैं- चरैवेति। चरैवेति। चलते रहो, चलते रहो।
१४ सालों की यह यात्रा अब कमोबेश एक कीर्तिमान बन कर उभर रही है। इन १४ सालों में श्री राज किशोर तिवारी के पांव कभी रुके नहीं। वे चलते रहे। चलते रहे। इन १४ सालों में संगठन भारत का कोई अंक नहीं रुका। कोई अनियमितता, कोई ठहराव नहीं आया। जबकि छोटे- मझोले साप्ताहिक पत्रों को नियमित निकाल पाना अक्सर मुश्किल होता है। विज्ञापन मिलते नहीं। पूंजी चुकती चली जाती है। और घाटा बढ़ता चला जाता है। लेकिन, राज किशोर जी हैं कि इन कठिनाइयों के बीच भी वे रास्ता निकालते रहे। पत्र शुरू करते समय संकल्प लिया था कि प्रकाशन नियमित रहेगा, उनमें वह प्रबंधकीय हुनर है कि उस संकल्प को पूरा किये चलते चले जा रहे हैं।

संगठन भारत के 13 वें वार्षिकोत्सव का विमोचन
मुंबई में, अधिकांश हिंदीभाषियों की तरह राजकिशोर जी ने भी एक छोटी सी शुरुआत की थी। लेकिन उमंग थी जीवन में आगे बढ़ने की। उन्हें अधिवक्ता श्री पंढरीनाथ साटम साहब का स्नेहाशीष मिल गया। उन्होंने राजकिशोर जी के लिए बॉम्बे सिक्युरिटी एंड अलाइड सर्विसेज नाम की कंपनी खुलवा दी। कुछ अख़बारों में वे छिट-पुट खबरें भी लिखते रहे। २०११ में उन्होंने साप्ताहिक पत्र संगठन भारत की शुरुआत की। २०१३ में उन्होंने परिवर्तन फाउंडेशन नाम का संगठन बना कर पत्र निकलने को सामाजिक बदलाव के एक बड़े उद्देश्य से भी जोड़ दिया। पत्र परिवर्तन का भी वाहक बन गया। संगठन भारत की सैकड़ों ऐसी रपटें रही हैं, जिनका स्थानीय और मुंबई के स्तर पर अच्छा प्रभाव पड़ा है। इन रपटों में पोइसर नदी को पुनर्जीवित करने का अभियान भी शामिल रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य और नगरी विकास आदि को लेकर भी संगठन भारत की कई रपटें बहुत खोजी और असरदार रही हैं। परिवर्तन फाउंडेशन भी शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में निरंतरता से काम कर रहा है। समय-समय पर मेडिकल कैंप लगाए जाते हैं। स्कूली क्षेत्रों को नोटबुक बांटी जाती है। जरूरतमंद छात्रों को आर्थिक मदद भी दी जाती है। संस्था दूसरे परिवर्तनकारी कामों में भी सहयोग करती है।
सरलता। निश्छलता। सुख-दुःख में सहजता से साथ खड़े हो जाना। बिना किसी आडम्बर या बोझ के। राजकिशोर जी का एक चुम्बकीय व्यक्तित्व है। जो हर किसी का मन मोह लेता है। उनका यह व्यक्तित्व इस बात को लेकर भी आश्वस्त करता है कि १४ साल तो यात्रा का एक पड़ाव है, पत्र हमेशा निकलता रहेगा, और वक्त के साथ बड़ी से बड़ी भूमिका निभाने के लिए भी तैयार होगा।
राज किशोर जी में एक बड़ा हुनर है। वे हमेशा अच्छे और गुणकारी मित्र जुटा लेते हैं। परिवर्तन फाउंडेशन को रूपाकार देने में उनके साथ वरिष्ठ पत्रकार श्री राजेश सावंत की भी बड़ी भूमिका रही है। समाजसेवी श्री जयशंकर तिवारी का भी उन्हें समय-समय पर साथ मिलता रहा है। श्री अभय मिश्र, श्री राकेश दुबे, श्री एसपी उपाध्याय , श्री भानु मिश्रा, श्री राजेश विक्रांत, श्री अजय सिंह , श्री धर्मेंद्र पांडेय जैसे पत्रकार मित्रों का भी उन्हें साथ मिलता रहा है। सुश्री कविता साहनी और अंकित मिश्रा जैसे अच्छे सहयोगी भी साथ हैं। पत्र के प्रकाशन के काम में उनके पूरे परिवार का योगदान है। इलाके के दो बड़े राजनेताओं श्री असलम शेख और श्री गोपाल शेट्टी का भी उन्हें स्नेह और संरक्षण मिलता रहा है। मित्रों और शुभचिंतकों की बड़ी लम्बी जीवनदायिनी सूची है राजकिशोर जी के पास। और, यह सूची निरंतर बढ़ती ही जाती है।
ऐतरेय उपनिषद में एक जिज्ञासा है- कोऽहमिति। कौन हूँ मैं? दूसरे साप्ताहिक क्यों बंद हो जाते हैं, और राजकिशोर जी का साप्ताहिक क्यों चलता चला जाता है- इसी जिज्ञासा में इस प्रश्न का उत्तर छिपा है। राजकिशोर जी कभी बड़े विचारक नहीं बने, बड़े सिद्धांतकार, बुद्धजीवी नहीं बने, बड़े संपादक नहीं बने, बड़े रिपोर्टर और लेखक नहीं बने। दुनिया को एकदम बदल देनेवाले समाजसेवी भी वे नहीं बने। उन्होंने अपने को और अपने दायित्व को जाना। कोऽहमिति को समझा। उन्होंने सारा ध्यान प्रकाशन पर केंद्रित किया। जबकि दूसरे साप्ताहिक निकालने वाले प्रकाशन से ज्यादा दूसरी बातों पर ध्यान देते रहे।
इस शुभकामना सन्देश का समापन भी ऐतरेय ऋषि की कथा से ही करता हूँ। माण्डुकी ऋषि को पुत्र नहीं उत्पन्न हो रहा था। उनकी पत्नी इतरा भगवान विष्णु की भक्त थीं। पति-पत्नी ने पुत्र प्राप्ति की कामना से भगवान विष्णु की खूब अभ्यर्थना की। भगवान ने उनकी इच्छा पूरी की।उनके घर में एक पुत्र का जन्म हुआ, जो अत्यंत सुंदर तथा आकर्षक था। लेकिन वासुदेव के सिवा उसने कभी कुछ बोला ही नहीं। वह सदा वासुदेव के ध्यान में ही निमग्न रहता। पुत्र की ऐसी दशा देख कर माण्डुकी ऋषि ने दूसरी शादी की। उनके चार बच्चे हुए। जो वेद विद्या में बड़े पारंगत हुए। सब उनका सम्मान करते। इतरा- पुत्र, ऐतरेय सर्वत्र उपेक्षित रहते। जिससे इतरा को बहुत दुःख होता।
ऐतरेय ने उनसे कहा, तुम संसार में डूबी हो मां, इसलिए तुम्हें कष्ट हो रहा है। मां-बेटे ने वासुदेव विष्णु की प्रार्थना की। भगवान विष्णु ने ऐतरेय और उनकी माता को साक्षात दर्शन दिए और ऐतरेय को अप्रतिम विद्वान होने का वर दिया। राजा हरिमेध्य द्वारा कोटितीर्थ नामक स्थान पर आयोजित यज्ञ में भगवान विष्णु के निर्देशानुसार ऐतरेय ने वेदार्थ पर प्रभावशाली व्याख्यान दिया। जो ऋग्वेद में संकलित है।
ध्यान निमग्न और केंद्रित हो जाएँ, तो वेद -वेदांग भी मिल जाते हैं। अचरज नहीं, सौ-दो सौ एमबीए भी फेल हैं राजकिशोर जी के आगे। १४ साल इसी प्रकाशकीय साधना के परचम हैं।
बहुत-बहुत बधाई राजकिशोर जी, आपको भी और आपके संगठन भारत और परिवर्तन फाउंडेशन को भी। यह यात्रा निरंतर जारी रहे, अनंत-अनंत शुभकामनाएं।
ओम प्रकाश सिंह (वरिष्ठ पत्रकार)


