spot_img
Homeमुंबईमॉर्फ वीडियो मामले में 3 को किया गिरफ्तार

मॉर्फ वीडियो मामले में 3 को किया गिरफ्तार

  • शिवसेना शिंदे गुट के समर्थकों पर मारपीट का आरोप

मुंबई (सं. भा.) : मागाठाणे के विधायक प्रकाश सुर्वे और शिवसेना (शिंदे गुट) की प्रवक्ता शीतल म्हात्रे के तथाकथित वीडियो को मॉर्फ्ड कर सोशल मीडिया पर डालने के आरोप में दहिसर पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों के नाम अशोक मिश्रा और मानस कुवर के अलावा एक अन्य व्यक्ति भी शामिल है। इनके खिलाफ विनयभंग एवं आईटी ऐक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, इस मॉर्फ्ड विडियो के बारे में शीतल म्हात्रे ने दहिसर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शीतल म्हात्रे की शिकायत के अनुसार, स्थानीय श्रीकृष्णनगर क्षेत्र में शनिवार रात विकास कार्यों का लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उस दौरान श्रीकृष्णनगर से अशोक वन जंक्शन तक एक रैली आयोजित की गई थी। उस रैली से संबंधित फुटेज से
छेड़छाड़ कर उसे वायरल किया गया।

बता दें कि अशोक वन में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की सभा का आयोजन मगाठाणे विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रकाश सुर्वे ने किया था। इस मॉर्फ्ड विडियो के बारे में खुद म्हात्रे ने ही ट्वीट कर ठाकरे गुट पर आरोप लगाया था। हालांकि, शिंदे गुट के कुछ समर्थकों पर कांदिवली के समता नगर पुलिस के तहत रहने वाले राजेश गुप्ता एवं उनके परिजन के साथ रविवार को कथित तौर पर मारपीट और राजेश के चेहरे पर कालिख पोतने की घटना सामने आई है। समता नगर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शीतल म्हात्रे ने लगाए आरोप

उपरोक्त प्रकरण में शीतल म्हात्रे ने ट्वीट कर आरोप लगाया कि मातोश्री नामक फेसबुक पेज से एक महिला के बारे में इस तरह का छेड़छाड़ किया गया विडियो अपलोड किया गया। उन्होंने कहा कि एक महिला के संबंध में ऐसा विडियो अपलोड करते समय, क्या उनको बाला साहेब के संस्कार याद नहीं आए? शीतल म्हात्रे ने कहा कि जब किसी महिला के बारे में बात करने के लिए कुछ नहीं होता है, तो उसके चरित्र लिए कुछ नहीं होता है, तो उसके चरित्र पर सवाल उठाया जाता है। पहले भी शिंदे के साथ जाने को लेकर मुझ पर अभद्र आरोप लगाए गए। उन्होंने पुलिस से इस सबके पीछे के मास्टरमाइंड का पता लगाने की अपील की।

उद्धव गुट का जवाब

इसके जवाब में शिवसेना उद्धव गुट की प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि हमारा नाम लेकर प्रसिद्धि पाने का यह प्रयास बेशर्मी है । चतुर्वेदी ने कहा कि उन्हें लगता है कि हमारे पास कोई काम नहीं है। जिन्होंने खुद अपना नाम बदनाम किया है, जो 50 खोखे खाकर काम करते हैं, क्या हम उनके लिए एक विडियो बनाएं? हमारे पास अपने काम हैं। हमारे काम जनता से जुड़े हैं। हम लोगों के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अगर ऐसा कोई विडियो वायरल होता है तो उसके लिए साइबर सेल है। साइबर सेल अपनी जिम्मेदारी निभाएगा। लेकिन आरोप लगाना, राजनीति करना और पब्लिसिटी के लिए दूसरों पर आरोप लगाना बेशर्मी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com