- एमबीएमसी कार्यालय रहेगा खुला
भायंदर (सं. भा.) मीरा-भायंदर महानगर पालिका सीमा अंतर्गत संपत्ति धारकों को ‘संपत्ति कर’ भरने की सुविधा के लिए मनपा प्रशासन ने मार्च 2024 तक शनिवार को भी कार्यालय शुरू रखने का निर्णय लिया है। संपत्ति कर वसूली का लक्ष्य पूर्ण करने के लिए मुहिम चलाई जा रही है। महानगरपालिका आयुक्त संजय श्रीपतराव काटकर ने संपत्ति धारकों से कर अदाकार विकास कार्य व शहर विकास में सहयोग करने का आवाहन किया है। कर वसूली की मुहिम के तहत संपत्ति धारकों को नोटिस, अंतिम नोटिस देकर संपत्ति जप्त करने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। मीरा-भायंदर शहर में रहने वाले अधिकांश नागरिक नौकरी पेशा वर्ग के हैं। कार्यालयीन समय में उन्हें संपत्ति कर भरने में असुविधा होती है इसलिए उनकी सुविधा के लिए शनिवार को भी कार्यालय शुरू रखने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा संपत्ति कर ऑनलाइन अथवा माय एमबीएमसी ऐप के माध्यम से भी अदा कर सकते हैं।



