भायंदर (सं. भा.) विद्यार्थियों के कल्याण के लिए प्रयासरत मीरा भायंदर मनपा के शिक्षा विभाग ने नए शैक्षणिक वर्ष 2024-25 की शुरुआत से एक दिन पहले 14 जून शुक्रवार को स्कूलों के छात्र – छात्राओं को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की। मनपा के 36 स्कूलों में कक्षा 1 से 10 तक के लगभग 9000 छात्रों को स्कूल ड्रेस, नोटबुक, पाठ्य पुस्तकें, पानी की बोतलें, पीटी ड्रेस जैसी आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। सभी पाठ्य व स्कूल की सामग्री का वितरण आयुक्त एवं प्रशासक संजय श्रीपतराव काटकर ने किया। इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त अनिकेत मनोरकर, डॉ. संभाजी पानपट्टे, उपायुक्त (मुख्यालय) रवि पवार, मुख्य लेखा अधिकारी और वित्त अधिकारी कालिदास जाधव, सहायक आयुक्त शिक्षा संजय दोदे, प्रशासनिक अधिकारी विजय वाकडे, प्राचार्य, शिक्षक उपस्थित थे। मनपा के शिक्षा विभाग द्वारा मनपा स्कूलों के छात्रों को स्कूल के पहले दिन ही सभी आवश्यक शैक्षणिक सामग्री प्रदान करके उनकी शैक्षणिक यात्रा को आसान बनाने के लिए यह सराहनीय कदम उठाया गया है। साथ ही मनपा ने क्षेत्र के कुल 36 स्कूलों के प्राचार्यों के बैंक खातों में डीबीटी प्रणाली के माध्यम से राशि हस्तांतरित कर दी गई है और प्रत्येक के सभी छात्रों के बैंक खातों में उक्त राशि वितरित कर स्कूल की नोटबुक और जूते-मोजे आदि खरीदने के निर्देश दिए गए हैं।


