spot_img
Homeआर्टिकलसंगठन भारत की प्रकाशन यात्रा के प्रगति पथ पर

संगठन भारत की प्रकाशन यात्रा के प्रगति पथ पर

यात्रा कैसी भी दुरुह, दुर्गम व दुर्दान्त क्यों न हो, यदि एक क्षमतावान यात्री उसे अपने महत्वपूर्ण अभियान के रुप में क्रियान्वित करता है तो सारी दुरुहताएं, दुर्गमताएं स्वयमेव दुर्दान्तता को नये सिरे से परिभाषित कर यात्रा को सुगम, सुखद एवं सुअन्त स्वरुप में परिवर्तित कर देती हैं। ऐसा ही कुछ हिन्दी साप्ताहिक – ‘संगठन भारत’ की प्रकाशन यात्रा के संदर्भ में कहना अन्यथा नहीं है। वर्तमान में संगठन भारत अपनी सफल प्रकाशन यात्रा के १४ वर्ष पूर्ण कर १५ वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है जो प्रकाशक/संपादक की समाचार –पत्र के प्रति अतीव लगाव, सामाजिक निष्ठा एवं राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्वता की उत्तमोत्तम भावना को प्रदर्शित करता है। इसे ‘संगठन भारत’ के प्रकाशक/संपादक राजकिशोर तिवारी की सराहनीय प्रतिबध्दता कहना ही उचित है।
देश के लगभग समस्त सुधी पाठकों व जागरुक नागरिकों को भलीभांति ज्ञात है कि किसी समाचार पत्र के प्रकाशन में अनेकों संभावित/ असंभावित कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है। एक निडर तटस्थ, मुखर निर्भीक समाचार पत्र के प्रकाशन हेतु प्रकाशक, संपादक एवं संपादकीय सहयोगियों का भी उपरोक्त गुणों से परिपूर्ण होना आवश्यक होता है। ‘संगठन भारत’ समाचार पत्र को भी ऐसे ही प्रकाशक, संपादक व संपादकीय सहयोगियों का समर्पण मिलता रहा है। यही कारण है कि साप्ताहिक समाचार पत्र – संगठन भारत जन-जन से शासन-प्रशासन तक अपनी उत्कृष्ट उपस्थिति प्रविष्ट करवाने में सफल रहा है।
स्थानीय निकायों एवं प्रशासकीय कार्यालयों में समाज व देश हित से परे अपने निजी स्वार्थ के लिये कार्य करने वाले अधिकारी/कर्मचारी किसी कार्य के पहले यह अवश्य ध्यान रखते हैं कि कहीं संगठन भारत की कोई दृष्टि उनपर पड़ तो नहीं रही है? यही प्रभाव है संगठन भारत का कि अधिकारी वर्ग जनता के हित से परे कार्य करने में सशंकित रहता है। इस स्थिति तक अपने को लाने में संगठन भारत को अनेकों चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। अपने प्रकाशन –प्रबंधन को इतना स्वस्थ समृध्द व कर्मठ बनाना पड़ा है कि कोई भी अतिवादी समाचार पत्र से परोक्ष/अपरोक्ष रुप से जुड़े किसी भी व्यक्ति को धमकाने, अपशब्द कहने या हमला करने का साहस न कर सके। इसमें कर्तव्य निष्ठ, नेक व ईमानदार, कर्मठ एवं राष्ट्रप्रेमी मनपा, पुलिस एवं महसूल विभाग के अधिकारियों का नि:स्वार्थ व सात्विक सहयोग रहा है।
संगठन भारत उन राजनेताओंव समाजसेवियों का भी ऋणी है, जिन्होंने समय-समय पर विकटतम् परिस्थितियों में भी ‘संगठन भारत’ का साथ दिया है तथा एक शक्तिस्तम्भ की भांति जुटे रहे हैं। ‘संगठन भारत’ अपने उन सुधी पाठकों का भी आभारी है, जिन्होंने संगठन भारत में प्रकाशित तथ्यों व संदेशों का न सिर्फ विश्वास किया है अपितु अपनाया भी है। समाचार पत्र के साथ जुड़े, संवाददाता, लेखक, कवि, कथाकार एवं स्तम्भकार भी सराहना के शिखर पुरुष हैं, जिनके उत्कृष्ट कार्यो, संवादों, स्तम्भों व कविताओंने संगठन भारत को उदात्त आत्मबल प्रदान किया है तथा विषम से विषम परिस्थितियों में भी उन्होने साथ नहीं छोड़ा है। संगठन भारत अपने विज्ञापन दाताओंको भी धन्यवाद प्रदान करता है, जो समाचार पत्र को यथोचित ऊर्जा प्रदान करते रहे हैं। संगठन भारत की प्रकाशन यात्रा में सहयोगी रहे सभी सुधी जनों का आभार एवं धन्यवाद! जयभारत! वंदे मातरम् !
-एस.पी. उपाध्याय- वरिष्ठ पत्रकार

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com