मुंबई(स भा) : शनिवार, 16 अगस्त 2025 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुंबई भाषा परिषद द्वारा प्रेस क्लब में आयोजित एक कार्यक्रम में राजेश झा द्वारा लिखित पुस्तक ‘नोटबदली से नोटबंदी’ का विमोचन किया गया। इस मौके पर एसएनडीटी महिला विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग प्रमुख डॉ. संजय फड, एंबिट एसेट मैनेजमेंट के प्रबंध निदेशक व संचालक श्री सिद्धार्थ रस्तोगी, लेखक अशोक मोटवानी, सेंट जेवियर्स कॉलेज की अर्थशास्त्र विभाग प्रमुख डॉ. अपर्णा कुलकर्णी, पत्रकार श्री हरीश पाठक, वरिष्ठ लेखक डॉ. रमाकांत शर्मा और आर के पब्लिकेशन के निदेशक श्री रामकुमार उपस्थित रहे।
पुस्तक के विमोचन के बाद हुई परिचर्चा में वक्ताओं ने नोटबंदी के विभिन्न पहलुओं पर विचार व्यक्त किए। लेखक राजेश झा ने कहा कि अखंड भारत एक सांस्कृतिक एवं आर्थिक अवधारणा है और नोटबंदी उसकी स्थापना की नींव है। मुख्य अतिथि श्री सिद्धार्थ रस्तोगी ने कहा कि मोदी सरकार ने आर्थिक सुधारों में नोटबंदी का भी एक कदम उठाया, जिसके सुखद परिणाम आने लगे हैं और यह आने वाले एक सौ से अधिक वर्षों तक देश और विदेश की आर्थिक गतिविधियों को सकारात्मकता के साथ प्रभावित करेगा।
डॉ. रमाकांत शर्मा ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए नोटबंदी से भारत की आर्थिक शक्ति बढ़ने का आंकड़ों के साथ उदाहरण देते हुए राजेश झा की पुस्तक ‘नोटबदली से नोटबंदी’ को महत्वपूर्ण बताया। सेंट जेवियर्स महाविद्यालय में अर्थशास्त्र की प्रोफेसर डॉ. अपर्णा कुलकर्णी ने पुस्तक को अर्थ जगत की आवश्यक पुस्तक बताते हुए कहा कि यह नीति-निर्माताओं और योजनाकारों के साथ-साथ आर्थिक विषयों में रुचि रखने वाले सभी लोगों की जिज्ञासाओं को पूरा करती है।
पत्रकार श्री हरीश पाठक ने लेखक के पत्रकारीय जीवन को रेखांकित करते हुए कहा कि हर संपादक को राजेश झा जैसे समर्पित एवं अथक सहयोगी की आवश्यकता होती है। अशोक मोटवानी ने पुस्तक को सभी के लिए उपयोगी बताया। समारोह अध्यक्ष डॉ. संजय फड ने लेखक द्वारा सभी जरूरी विषयों को पत्रकारीय दृष्टि से उभारने और उल्लेखित करने के लिए उनको बधाई दी।
प्रसिद्ध पत्रकार विवेक अग्रवाल ने कार्यक्रम का संचालन किया और आयोजक रामकुमार ने लेखक का स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया। विश्व संवाद केंद्र मुंबई के प्रमुख श्री निशीथ भंडारकर ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर विशाल सिंह, डॉ. प्रमिला शर्मा, द्विजेंद्र तिवारी, डॉ. रीता दास राम, महेंद्र राय, पंकज पाठक, इंद्रजीत पाल, त्रिलोचन सिंह अरोरा, अरुण प्रकाश मिश्र, रमेश यादव, जगदीश पुरोहित सहित साहित्य और पत्रकारिता जगत के प्रमुख लोग उपस्थित थे।
स्तक ‘नोटबदली से नोटबंदी’ का विमोचन, विशेषज्ञों ने सराहा
RELATED ARTICLES


