चुनावी कारण से फिलहाल टला
मुंबई (स.भा): बीएमसी ने शहर में बड़े पैमाने पर कचरा उत्पन्न करने वाली सोसायटियों, होटल और मॉल आदि से कचरा शुल्क वसूलने की योजना बनाई थी, लेकिन आगामी मनपा चुनाव को देखते हुए फिलहाल इसे रोक दिया गया है। बीएमसी सूत्रों के अनुसार, यह कदम चुनाव के समय किसी विवाद से बचने के लिए लिया गया है।
सूत्रों का कहना है कि बीएमसी का उद्देश्य शहर में कचरे की मात्रा कम करना है। अब कई बड़े प्रतिष्ठानों से बीएमसी स्वयं कचरा उठा रही है, जबकि पहले इसे निजी कंपनियों के माध्यम से निकाला जाता था। मुंबई में रोजाना लगभग 6,500 मीट्रिक टन कचरा उत्पन्न होता है, जिसे कांजुरमार्ग और देवनार डंपिंग ग्राउंड में फेंका जाता है। इन डंपिंग ग्राउंड्स की जमीन अगले कुछ वर्षों में अन्य परियोजनाओं के लिए खाली की जाएगी।
बीएमसी के सूत्रों ने बताया कि उन सोसायटियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है जो कचरा अलग-अलग रखती हैं। इनसे प्रॉपर्टी टैक्स में 5% की छूट दी जाएगी। जिन सोसायटियों में कम कचरा उत्पन्न होगा, उनसे फिलहाल कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, भविष्य में कचरा शुल्क वसूलना शुरू कर दिया जाएगा, ताकि शहर की सफाई और कचरा प्रबंधन में सुधार लाया जा सके।


