spot_img
Homeफिल्मी खबरेंपूजा बेदी ने किया परवीन बाबी से जुड़ा भावनात्मक किस्सा साझा, बताया...

पूजा बेदी ने किया परवीन बाबी से जुड़ा भावनात्मक किस्सा साझा, बताया कैसे बदलीं एक समय की ग्लैमरस स्टार

बॉलीवुड की दिग्गज अदाकारा परवीन बाबी और अभिनेता कबीर बेदी के रिश्ते की चर्चा एक समय पूरे फिल्म जगत में होती थी। जब दोनों साथ थे, तब कबीर बेदी की बेटी पूजा बेदी का बचपन परवीन बाबी के सानिध्य में भी बीता। पूजा ने हाल ही में एक इंटरव्यू में बताया कि वो परवीन बाबी से बचपन में अक्सर मिला करती थीं और उनके घर जाया करती थीं। सिद्धार्थ कानन से बातचीत में पूजा ने कहा — “मैं छोटी थी जब हम अक्सर परवीन जी के घर जाते थे। वो बहुत ही स्नेही, हंसमुख और बेहद खूबसूरत इंसान थीं। उनके साथ खेलना, समय बिताना बहुत अच्छा लगता था।” लेकिन वक्त के साथ परवीन बाबी और कबीर बेदी अलग हो गए। वर्षों बाद जब परवीन बाबी भारत लौटीं, तो उनके बारे में कई अजीब बातें सुनने को मिलने लगीं। पूजा ने बताया कि उन्होंने खुद जाकर परवीन बाबी से मिलने का फैसला किया। “मैं जॉनी बक्शी के साथ उनके घर गई थी। जब उन्होंने दरवाजा खोला, तो उन्हें देखकर मैं हैरान रह गई। उनका वजन बढ़ गया था, बाल बिखरे हुए थे, लेकिन मुझे देखकर वो बहुत खुश हुईं और गले लगा लिया,” पूजा ने याद किया। शुरुआत में सब सामान्य लग रहा था, लेकिन बातचीत के दौरान पूजा को महसूस हुआ कि परवीन बाबी मानसिक रूप से बहुत परेशान थीं। पूजा बताती हैं — “उन्होंने कहा कि वो सिर्फ अंडे खाती हैं, क्योंकि बाकी चीज़ों में ज़हर मिला दिया जाता है। जब मैंने पूछा कि ऐसा कौन करता है, तो उन्होंने कहा — ‘CIA, FBI, सीक्रेट सर्विस — वो सब।’” पूजा ने बताया कि उस पल उन्हें एहसास हुआ कि परवीन बाबी बहुत कठिन दौर से गुजर रही हैं। “मुझे उन्हें इस हालत में देखकर बहुत दुख हुआ। बचपन में जो इंसान इतनी खुशमिजाज और पॉजिटिव थीं, उन्हें इस तरह देखना बहुत दर्दनाक था,” उन्होंने कहा। एक समय बॉलीवुड की सबसे चर्चित और ग्लैमरस अभिनेत्री रही परवीन बाबी की जिंदगी का ये पहलू न केवल चौंकाने वाला था बल्कि इसने मनोरंजन जगत को भी झकझोर कर रख दिया था। पूजा बेदी की बातें उस दौर की एक मार्मिक याद दिलाती हैं, जब चमक-धमक के पीछे छिपा अकेलापन और मानसिक संघर्ष खुलकर सामने आने लगे थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com