एक्टर रजत बेदी, जो लंबे समय बाद आर्यन खान की डेब्यू वेब सीरीज़ “बैड्स ऑफ बॉलीवुड” से स्क्रीन पर वापसी कर रहे हैं, हाल ही में अपनी फैमिली के साथ शो की स्क्रीनिंग में पहुंचे। इस मौके पर उनकी बेटी वेरा बेदी ने अपने स्टाइलिश लुक से सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। सोशल मीडिया पर कई यूज़र्स ने वेरा की तुलना करीना कपूर और ऐश्वर्या राय जैसी बॉलीवुड दीवाज़ से कर डाली। लेकिन जहां लोगों को वेरा की खूबसूरती और लुक्स भा गए, वहीं इस अचानक मिली सुर्खियों ने उन्हें असहज कर दिया। रजत बेदी ने एक इंटरव्यू में बताया कि उनकी बेटी इन तुलना और इंटरनेट पर फैली AI जनरेटेड तस्वीरों से परेशान है।
एक्टर ने बताया,
> “वेरा बहुत घबरा गई थी। उसने मुझसे कहा, ‘पापा, लोग मेरी एआई से अजीब-अजीब तस्वीरें बना रहे हैं। कुछ तो मुझे ऐश्वर्या या करीना से तुलना करके अजीब बातें लिख रहे हैं।’ वह उस दिन अपने काम पर ध्यान भी नहीं दे पा रही थी।”
रजत ने आगे सभी से अपील की कि उनकी बेटी या बेटे की एआई से बनाई गई या मॉर्फ्ड इमेज सोशल मीडिया पर शेयर न की जाएं।
उन्होंने कहा,
> “ये गलत है। वह खुश तो है कि लोग उसे नोटिस कर रहे हैं, लेकिन इस तरह की गलत तस्वीरें उसे परेशान करती हैं। लोगों को समझना चाहिए कि बच्चों की प्राइवेसी का सम्मान करना जरूरी है।”
जानकारी के लिए बता दें, रजत बेदी मशहूर फिल्मकार नरेंद्र बेदी के बेटे और प्रसिद्ध उर्दू लेखक-निर्देशक राजिंदर सिंह बेदी के पोते हैं। उन्होंने “कोई मिल गया”, “जानी दुश्मन” और “क्यों हो गया ना” जैसी फिल्मों में काम किया है। इसके अलावा रजत ने पंजाबी और दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी अभिनय किया है।


