spot_img
Homeमुंबईछठ पूजा में भक्ति और एकता की झलक, मुंबई के घाटों पर...

छठ पूजा में भक्ति और एकता की झलक, मुंबई के घाटों पर उमड़ा जनसैलाब

मुंबई(स भा): महापर्व छठ पूजा की आस्था, श्रद्धा और भव्यता ने सोमवार को पूरे मुंबई को भक्ति और एकता के रंग में रंग दिया। समुद्र तटों, घाटों और कृत्रिम तालाबों पर हजारों व्रतियों ने डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया, तो वातावरण छठी मइया के गीतों, शंखध्वनि और लोक परंपराओं से गूंज उठा।

सूर्य उपासना का यह पर्व न केवल प्रकृति के, खास तौर पर सूर्य भगवान के प्रति आभार व्यक्त करता है, बल्कि सामाजिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहज़ीब की झलक भी पेश करता है। मुंबई में रहने वाले उत्तर भारतीय समाज के साथ-साथ सभी समुदायों के लोगों ने भी पूरे उत्साह और भावनात्मक एकजुटता के साथ इसमें भाग लिया। पूरे शहर में श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा, सफाई, जल एवं प्रकाश व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए। सबसे अधिक भीड़ और भक्ति का माहौल मालाड पश्चिम के अक्सा और मार्वे बीच, तथा कांदिवली के एकता नगर में देखने को मिला। मालाड के अक्सा चौपाटी पर इस बार भक्ति के साथ-साथ सौहार्द की मिसाल भी देखने को मिली।

कांग्रेस और भाजपा — दोनों दलों ने मिलकर व्रतियों के लिए मंच, रोशनी और पूजा स्थल की व्यवस्था की। मुंबई कांग्रेस की अध्यक्ष सांसद प्रो वर्षा गायकवाड़ ने यहां अपनी विशेष उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि, “छठ पूजा एक पारंपरिक पर्व है जो कि हमें प्रकृति का सम्मान करने की सीख देता है।” इस अवसर पर पहुंचे स्थानीय विधायक असलम शेख ने कहा — > “छठ पूजा हमारे समाज की एकता और संस्कारों की पहचान है। मैं भले ही मुस्लिम हूं, लेकिन यह मेरा सौभाग्य है कि मैं अपने क्षेत्र के हिंदू भाइयों और बहनों के इस पवित्र पर्व का हिस्सा बनता हूं। मुंबई की असली पहचान ही यही है — जहां सभी धर्म और संस्कृतियां एक साथ फलती-फूलती हैं। जब तक मैं इस क्षेत्र का प्रतिनिधि हूं, तब तक यहां किसी भी व्यक्ति को धर्म या जाति के नाम पर भेदभाव नहीं करने दूंगा। कुछ लोग आज भी मालवणी को बदनाम करने की साजिश रचते रहते हैं लेकिन आज हमें यह बता देना चाहता हूं कि देखिए यह है हमारी एकता की मिसाल जो इस सागर तट में दिख रहा है यह देखकर शायद उन लोगों को समझ जाना चाहिए कि मालवणी में उनकी दाल नहीं गलने वाली है वही शेख ने कहा कि हमारी जिम्मेदारी है कि हर त्योहार सबका त्योहार बने — यही सच्चा भारत है।” वही इस दौरान कांग्रेस के युवा नेता हैदर असलम शेख, ब्लॉक अध्यक्ष विक्रम कपूर, आशुतोष मिश्रा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे

कांदिवली के एकता नगर में पूर्व नगरसेवक कमलेश यादव ने व्रतियों के लिए कृत्रिम तालाब, पूजा स्थल और जल सुविधा की व्यवस्था कराई। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने यहां सूर्य देवता को अर्घ्य अर्पित किया। यादव ने कहा — > “छठ मइया का यह पर्व अब सिर्फ परंपरा नहीं, बल्कि मुंबई की पहचान बन चुका है। हम चाहते हैं कि महानगर में बसे उत्तर भारतीय समाज को अपने गांव जैसी आस्था और अपनापन महसूस हो।” वर्सोवा, घाटकोपर, जोगेश्वरी, भांडुप और चेंबूर सहित अन्य इलाकों में भी व्रतियों ने सूर्य देवता को अर्घ्य अर्पित किया। नगर निगम और स्थानीय संगठनों ने छठ घाटों पर सुरक्षा बल, एंबुलेंस, मोबाइल टॉयलेट और रोशनी की अतिरिक्त व्यवस्था की थी। छठ मइया के गीतों की गूंज, दीपों की चमक और डूबते सूर्य की लालिमा से मुंबई की शाम भक्ति, सौहार्द और एकता के सुनहरे रंगों में नहा उठी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com