spot_img
Homeमहाराष्ट्रप्लास्टिक व इलेक्ट्रिक सामान ने बढ़ाई लपटें

प्लास्टिक व इलेक्ट्रिक सामान ने बढ़ाई लपटें

वसई की एलईडी फैक्ट्री में तबाही

वसई, (सं.भा.) : वसई–पूर्व के वालीव स्थित धुमाल नगर औद्योगिक क्षेत्र में अचानक उठी आग की लपटों ने इंटरटेक टेक्नोलॉजी प्रा. लि. की एलईडी फैक्ट्री को कुछ ही मिनटों में राख में बदल दिया। प्लास्टिक कच्चे माल और इलेक्ट्रिक आइटम से भरी फैक्ट्री में आग इतनी तेजी से भड़की कि पूरा परिसर कुछ ही देर में धुएं के घने गुबार से ढक गया।
सूचना मिलते ही वसई–विरार मनपा की दमकल टीम कई गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची और करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन फैक्ट्री के भीतर रखा लाखों रुपये का सामान, मशीनरी और सामग्री ढोने वाली चार गाड़ियां जलकर पूरी तरह नष्ट हो गईं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुनः आग न भड़के इसलिए कूलिंग का काम जारी है।
उधर, नालासोपारा क्षेत्र में भी लगातार आग की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे स्थानीय उद्योगों और व्यवसायियों में चिंता बढ़ गई है। हाल ही में आंबेडकर नगर के फूड स्टॉल, नीलगांव की किराना दुकान और पेल्हार गांव के प्लास्टिक गोदाम में आग लगने की घटनाओं ने भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया। समय पर पहुंची दमकल टीम ने इन आगों को नियंत्रित जरूर किया, लेकिन लगातार सामने आ रही घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com