समिति न बनाने पर 50 हजार जुर्माना
मुंबई (सं.भा.) : महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए महाराष्ट्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने साफ कर दिया है कि कामकाज के स्थानों पर महिलाओं के साथ होने वाले किसी भी तरह के उत्पीड़न को रोकने के लिए अब सख्त कदम लागू किए जाएंगे। जहां भी 10 या उससे अधिक कर्मचारी काम करते हैं, वहां महिलाओं की शिकायतों के निपटारे के लिए आंतरिक समिति का गठन अनिवार्य कर दिया गया है।
राज्य की महिला व बाल विकास आयुक्त नयना गुंडे ने सभी सरकारी विभागों, अर्द्ध-सरकारी संस्थाओं, निजी कंपनियों, उद्योगों, सेवा क्षेत्र की इकाइयों, स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों, खेल और मनोरंजन से जुड़े प्रतिष्ठानों को तुरंत यह समिति गठित करने का निर्देश दिया है। उनका कहना है कि महिलाओं को सुरक्षित और सहज माहौल देना हर संस्था की जिम्मेदारी है।
सरकार द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, जिन संस्थानों ने अब तक यह समिति नहीं बनाई है, उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कानून का पालन न करने पर 50 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
सरकार का मानना है कि यह समिति न केवल महिलाओं की शिकायतें सुनेगी बल्कि गंभीर मामलों की जांच कर दोषियों पर आवश्यक कार्रवाई भी सुनिश्चित करेगी। यह नियम उन सभी संस्थानों पर लागू है जिन्हें सरकारी सहायता मिलती है या जो स्थानीय स्वराज संस्थाओं के अंतर्गत आते हैं।
महिला संगठनों ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे महिलाओं को अपने कार्यक्षेत्र में अधिक सुरक्षा, सम्मान और भरोसे का वातावरण प्राप्त होगा।


