मुंबई (सं.भा.): पश्चिमी उपनगरों में सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया जा रहा है। बीएमसी के कांदिवली स्थित शताब्दी अस्पताल में जल्द ही ऑर्थोपेडिक्स सर्जरी के लिए दो ऑपरेशन थिएटर शुरू किए जाएंगे, जिससे हड्डी से जुड़ी बीमारियों के मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
फिलहाल अस्पताल की ऑर्थो ओटी मरम्मत और तकनीकी सुधार के चलते बंद है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार ओटी का मुख्य सिविल और संरचनात्मक कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन कुछ तकनीकी कनेक्शन अधूरे रहने के कारण संचालन में दिक्कतें आ रही थीं।
अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अजय गुप्ता ने बताया कि शेष तकनीकी कार्यों को पूरा करने में 15 से 20 दिन का समय लगेगा। इस बीच ऑर्थो सर्जरी की जरूरत वाले मरीजों को एमडब्ल्यू अस्पताल में भेजा जा रहा है। मरीजों को शताब्दी अस्पताल में भर्ती कर आवश्यक जांच के बाद सर्जरी के लिए एमडब्ल्यू अस्पताल ले जाया जा रहा है और ऑपरेशन के बाद वापस शताब्दी अस्पताल में शिफ्ट किया जा रहा है।
मरम्मत और तकनीकी कार्य पूरा होने के बाद ऑर्थो विभाग के लिए दो अलग-अलग ऑपरेशन थिएटर उपलब्ध होंगे। अब तक ऑर्थो सर्जरी के लिए केवल एक ओटी थी, जिससे प्रतीक्षा अवधि बढ़ जाती थी। दो ओटी शुरू होने से सर्जरी की संख्या बढ़ेगी और मरीजों को समय पर इलाज मिल सकेगा।


