spot_img
Homeउत्तर प्रदेशठंड में राहत की पहल, बिंदकी में परिवर्तन फाउंडेशन ने प्रशासन को...

ठंड में राहत की पहल, बिंदकी में परिवर्तन फाउंडेशन ने प्रशासन को सौंपे कंबल

बिंदकी (सं.भा.): उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले की बिंदकी तहसील में समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय परिवर्तन फाउंडेशन ने ठंड से जूझ रहे जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने की दिशा में सराहनीय पहल की है। संस्था की ओर से सोमवार को 50 कंबल उपजिलाधिकारी को सौंपे गए, जिन्हें प्रशासन के माध्यम से पात्र गरीब और असहाय लोगों में वितरित किया जाएगा।

परिवर्तन फाउंडेशन के अध्यक्ष राजकिशोर तिवारी के निर्देशन में संस्था के सदस्य रामजी विश्वकर्मा ने बिंदकी की उपजिलाधिकारी प्रियंका अग्रवाल को कंबल सौंपे। इस अवसर पर एसडीएम प्रियंका अग्रवाल ने परिवर्तन फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक कार्य प्रशासन के सहयोग को मजबूत करते हैं और जरूरतमंद वर्ग को सीधी राहत प्रदान करते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्राप्त कंबल पूरी पारदर्शिता के साथ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचाए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि परिवर्तन फाउंडेशन बीते कई वर्षों से उत्तर प्रदेश और मुंबई सहित अन्य क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रहा है। संस्था द्वारा हर वर्ष जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री व आर्थिक सहायता दी जाती है। इसके अलावा जरूरतमंद महिलाओं को साड़ी वितरण, कन्याओं के विवाह में सिलाई मशीन उपहार स्वरूप देने, ग्रामीण इलाकों में खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन तथा वृक्षारोपण अभियान जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com