spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईशिक्षा की बुनियाद मजबूत करने की पहल, पोइसर में फ्री लाइब्रेरी की...

शिक्षा की बुनियाद मजबूत करने की पहल, पोइसर में फ्री लाइब्रेरी की मांग तेज

मुंबई, (सं. भा.) शिक्षा किसी भी समाज के भविष्य की सबसे मजबूत नींव मानी जाती है, लेकिन जब पढ़ाई के लिए अनुकूल माहौल ही न मिले तो प्रतिभाएं दबकर रह जाती हैं। इसी सोच के साथ कांदिवली के पोइसर इलाके में विद्यार्थियों ने एकजुट होकर सार्वजनिक फ्री लाइब्रेरी और अध्ययन केंद्र की मांग उठाई है। इस मांग को लेकर मुंद्रिका फाउंडेशन की ओर से बीते एक माह से जागरूकता और हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है।

सरस्वती पूजा के अवसर पर इस अभियान को नई ऊर्जा मिली, जब छात्र-छात्राएं स्वयं आगे आकर स्थानीय नागरिकों से संवाद करते नजर आए। शिक्षक प्रथमेश झा के मार्गदर्शन में विद्यार्थी पोइसर क्षेत्र में जाकर लोगों को यह समझा रहे हैं कि शांत और सुरक्षित अध्ययन स्थल की कमी उनके भविष्य को किस तरह प्रभावित कर रही है। इस प्रयास में अमन चौधरी, शिवम झा, विवेक झा, विशाल चौधरी, रूबी मिश्रा, नेहा मिश्र और मानसी झा समेत कई छात्र सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।

अभियान से जुड़ी छात्रा खुशबू मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र के कई विद्यार्थी CA, CS, JEE, NEET, बैंकिंग और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन सीमित जगह और आसपास के शोर के कारण नियमित अध्ययन संभव नहीं हो पाता। ऐसे में एक सार्वजनिक अध्ययन केंद्र छात्रों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकता है।

मुंद्रिका फाउंडेशन की ममता झा ने कहा कि मुंबई के कई हिस्सों में बीएमसी द्वारा चलाई जा रही नि:शुल्क लाइब्रेरी शिक्षा को बढ़ावा देने का अच्छा उदाहरण हैं। यदि ऐसी ही व्यवस्था पोइसर में भी की जाए तो आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को पढ़ाई के बेहतर अवसर मिल सकते हैं।

इस शैक्षणिक पहल को स्थानीय भाजपा नगरसेवक शिव कुमार झा का समर्थन भी मिला है। उन्होंने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है और वे इस मांग को प्रशासन तक पहुंचाने के लिए प्रयास करेंगे। स्थानीय लोगों ने भी विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए सकारात्मक कदम बताया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com