spot_img
Homeफिल्मी खबरें6 दिन में 260 करोड़ पार, अनिल रविपुडी की फिल्म ने रचा...

6 दिन में 260 करोड़ पार, अनिल रविपुडी की फिल्म ने रचा बॉक्स ऑफिस इतिहास

मुंबई (सं.भा.): संक्रांति के मौके पर रिलीज हुई मेगास्टार चिरंजीवी की फिल्म माना शंकरा वरप्रसाद गारू बॉक्स ऑफिस पर सुनामी बनकर सामने आई है। अनिल रविपुडी के निर्देशन में बनी इस एक्शन-कॉमेडी ने रिलीज के महज छह दिनों में ही कमाई के सारे पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं और चिरंजीवी के करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। 12 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फैमिली एंटरटेनर ने दुनिया भर में 260 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। फिल्म के प्रोडक्शन हाउस शाइन स्क्रीन्स ने पुष्टि की है कि फिल्म ने पहले हफ्ते में ही सभी क्षेत्रों में ब्रेकइवन हासिल कर लिया है और अब यह पूरी तरह प्रॉफिट जोन में पहुंच चुकी है। मेकर्स के मुताबिक, दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स फिल्म की ऐतिहासिक सफलता का सबसे बड़ा कारण बना है।

इस बड़ी उपलब्धि का ऐलान करते हुए मेकर्स ने सोशल मीडिया पर चिरंजीवी और नयनतारा की एक तस्वीर साझा की और लिखा कि फिल्म दिन-ब-दिन नए रिकॉर्ड कायम कर रही है। पोस्ट में दावा किया गया कि माना शंकरा वरप्रसाद गारू ने सिर्फ छह दिनों में 261 करोड़ रुपये से ज्यादा का वर्ल्डवाइड कलेक्शन कर लिया है और अब यह तेजी से 300 करोड़ क्लब की ओर बढ़ रही है। इन आंकड़ों के साथ फिल्म ने चिरंजीवी की 2019 में आई साई रा नरसिम्हा रेड्डी को भी पीछे छोड़ दिया है, जिसने अपने पूरे रन में 246.6 करोड़ रुपये की वर्ल्डवाइड कमाई की थी। शाइन स्क्रीन्स ने यह भी साफ किया है कि फिल्म ने सभी रीजन में अपनी लागत पूरी कर ली है और हर एरिया में मुनाफा दर्ज किया गया है।

दिलचस्प बात यह है कि माना शंकरा वरप्रसाद गारू की टक्कर बॉक्स ऑफिस पर प्रभास की द राजासाब से हुई थी। सैकनिल्क के मुताबिक, द राजासाब ने अपने पहले आठ दिनों में 193 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है, जबकि फिल्म के मेकर्स का दावा है कि हॉरर-कॉमेडी ने पहले हफ्ते में 238 करोड़ रुपये की नेट कमाई की है। बावजूद इसके, चिरंजीवी की फिल्म बॉक्स ऑफिस रेस में फिलहाल सबसे आगे नजर आ रही है। फिल्म की शानदार कमाई और दर्शकों के पॉजिटिव रिव्यू ने यह साफ कर दिया है कि मेगास्टार का जादू अभी भी बरकरार है और माना शंकरा वरप्रसाद गारू आने वाले दिनों में कई और रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com