मुंबई (सं.भा.): बांद्रा रेलवे पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा और भरोसे की एक मिसाल पेश करते हुए ट्रेन यात्रा के दौरान भूल से छूटे करीब ₹11 लाख मूल्य के सोने के आभूषणों से भरे बैग को उसके असली मालिक तक सुरक्षित पहुंचाया। जब ट्रेनों में चोरी और गुमशुदगी की घटनाएं अक्सर सुर्खियां बनती हैं, ऐसे समय में यह कार्रवाई आरपीएफ की सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा को दर्शाती है।
यह मामला भोपाल से बोरीवली जा रही ट्रेन संख्या 02134 से जुड़ा है, जहां कोच S-6 की सीट संख्या 26 पर लावारिस हालत में पड़ा एक बैग आरपीएफ कांस्टेबल हिमांशु को मिला। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी। इसके बाद एसआईपीएफ अनुष्का पटेल ने बैग में मौजूद जानकारी के आधार पर यात्री हेमंत चौरसिया (36 वर्ष), निवासी नीलम कॉलोनी, भोपाल से संपर्क कर उन्हें इसकी जानकारी दी।
बैग में सोने के आभूषण और कपड़े रखे थे, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹11 लाख बताई जा रही है। सभी आवश्यक जांच और सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद बैग को सुरक्षित रूप से यात्री को सौंप दिया गया। इस संबंध में आरपीएफ निरीक्षक जगदीश जाट ने बताया कि यात्रियों की संपत्ति और सुरक्षा सुनिश्चित करना आरपीएफ की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से इतनी बड़ी संपत्ति सुरक्षित लौटाई जा सकी। आरपीएफ की इस कार्रवाई की यात्रियों और आम नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है और यह रेलवे सुरक्षा बल की कार्यशैली पर भरोसे को और मजबूत करती है।


