spot_img
Homeमुंबईहोली पर गांव जाने की चाह, ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं

होली पर गांव जाने की चाह, ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं

मुंबई (सं.भा.): होली का त्योहार नजदीक आते ही मुंबई में रहने वाले उत्तर प्रदेश और बिहार के हजारों परिवारों की चिंता बढ़ गई है। साल भर रोज़गार के लिए मुंबई में रह रहे लोग होली अपने गांव और परिवार के साथ मनाने निकलना चाहते हैं, लेकिन ट्रेनों में कंफर्म टिकट न मिलने से उनकी मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। मुंबई से लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, पटना और छपरा जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ देखी जा रही है। खासकर 4 मार्च को होली होने के कारण 2 और 3 मार्च की सभी प्रमुख ट्रेनों में स्लीपर और एसी कोच पूरी तरह फुल हो चुके हैं। पुष्पक एक्सप्रेस, अवध एक्सप्रेस और पनवेल–गोरखपुर जैसी ट्रेनों में तो स्लीपर श्रेणी में ‘रिग्रेट’ की स्थिति बन गई है।

लोकल इलाकों में रहने वाले प्रवासी यात्रियों का कहना है कि वे महीनों पहले टिकट नहीं करा पाए, और अब त्योहार के समय घर पहुंचना मुश्किल हो गया है। कई यात्रियों ने बताया कि मजबूरी में वे वेटिंग टिकट या तत्काल के सहारे सफर करने की कोशिश कर रहे हैं। रेलवे सूत्रों के मुताबिक, मुंबई रूट पर होली के दौरान हर साल उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ जाती है। इस बार भी हालात ऐसे ही हैं। यात्रियों को अब स्पेशल ट्रेनों से ही कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि मांग को देखते हुए विशेष ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जा सकती है, ताकि मुंबई से उत्तर भारत जाने वाले प्रवासी यात्रियों को राहत मिल सके। फिलहाल यात्री टिकट काउंटर और ऑनलाइन पोर्टल पर लगातार प्रयास कर रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com