मुंबई (सं.भा.): मुंबई को स्वच्छ, सुविधाजनक और नागरिक-अनुकूल बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए मुंबई महानगरपालिका ने कोस्टल रोड पर लोगों के लिए अत्याधुनिक बायो-टॉयलेट की सुविधा शुरू की है। समुद्र किनारे घूमने आने वाले नागरिकों, पर्यटकों और रोज़ाना इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को स्वच्छता को लेकर किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसी उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई है। कोस्टल रोड के पिकनिक स्थलों और सार्वजनिक क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग समय बिताने आते हैं, लेकिन अब तक शौचालयों की कमी एक बड़ी समस्या बनी हुई थी। इसे ध्यान में रखते हुए मनपा ने छह प्रमुख स्थानों पर स्टेट-ऑफ-द-आर्ट बायो-टॉयलेट और राहगीरों के लिए अंडरपास की सुविधा उपलब्ध कराई है।
बीएमसी के अनुसार, अमरसंस उद्यान के पास, आकृति बिल्डिंग पार्किंग क्षेत्र, हाजी अली जंक्शन, वर्ली डेयरी के सामने, खान अब्दुल गफ्फार खान रोड स्थित बिंदुमाधव ठाकरे चौक के पास सहित कुल छह अंडरपास क्षेत्रों में यह सुविधा शुरू की गई है। इन सभी स्थानों पर टॉयलेट की सप्लाई, इंस्टॉलेशन, टेस्टिंग और कमीशनिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। ये बायो-टॉयलेट सोलर एनर्जी से संचालित हैं और आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। प्रत्येक यूनिट में महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और दिव्यांगजनों के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था की गई है। साथ ही यूरिनल, वॉश बेसिन, सेंसर सिस्टम, साबुन डिस्पेंसर, सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन और इंसीनरेटर जैसी सुविधाएं भी मौजूद हैं। स्वच्छता बनाए रखने के लिए डीआरडीओ तकनीक आधारित बायो-डाइजेस्टर का उपयोग किया गया है। इन टॉयलेट्स के उपयोग के लिए महिलाओं और पुरुषों से मात्र 5 रुपये का मामूली शुल्क लिया जाएगा। मनपा का कहना है कि यह पहल न सिर्फ स्वच्छता को बढ़ावा देगी, बल्कि कोस्टल रोड को एक जिम्मेदार और सभ्य सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करने में भी मददगार साबित होगी।


