मुंबई (सं.भा.) : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुंबई में आयोजित एक विशेष समारोह में साहित्य और कला क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस मौके पर साहित्य के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहीं डॉ. नीलिमा पाण्डेय को ‘नारी शक्ति साहित्य सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम अंधेरी स्थित शाकुंतल स्टूडियो में आयोजित किया गया, जिसका आयोजन रंगकर्मी मुजीब खान की संस्था आइडिया द्वारा किया गया था। कार्यक्रम में उनकी सुपुत्री ने भी आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर साहित्य और समाज के क्षेत्र में योगदान देने वाली चार महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिनमें डॉ. नीलिमा पाण्डेय, शायरा एडवोकेट रेखा किंगर रोशनी, कवयित्री कुसुम त्रिपाठी और शायरा तबस्सुम नाडिवाल शामिल रहीं। कार्यक्रम के दौरान सभी सम्मानित अतिथियों ने महिला सशक्तिकरण और समाज में महिलाओं की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. नीलिमा पाण्डेय ने कहा कि समाज को सशक्त बनाने में महिलाओं की भूमिका रीढ़ की हड्डी के समान होती है। उन्होंने समाज और देश के हित में संतुलित परिवर्तन की आवश्यकता पर जोर देते हुए वेद, उपनिषद, चाणक्य नीति और विदुर नीति जैसे प्राचीन ग्रंथों के उदाहरण भी प्रस्तुत किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार अभिलाष अवस्थी ने की। इस मौके पर प्रसिद्ध साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद की कहानियों — मासूम बच्चा, लांछन, बड़े भाई साहब और होली — का नाट्य मंचन भी किया गया। इसके साथ ही शायर साहिर लुधियानवी को याद करते हुए उनकी रचनाओं का पाठ किया गया। मुजीब खान के निर्देशन में प्रस्तुत किए गए इन नाटकों में कलाकारों के अभिनय की दर्शकों ने खूब सराहना की। उल्लेखनीय है कि मुजीब खान पिछले करीब 20 वर्षों से शाकुंतल स्टूडियो में प्रेमचंद की कहानियों का नाट्य मंचन कर रहे हैं और अब तक लगभग 300 कहानियों को मंचित कर चुके हैं। इस अवसर पर कवयित्री शुभकीर्ति माहेश्वरी तथा शायरा, अभिनेत्री और कवयित्री हेमा चंदानी सहित कई साहित्य और कला प्रेमी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने साहित्य और संस्कृति के संरक्षण में ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया
महिला दिवस पर डॉ. नीलिमा पाण्डेय को मिला ‘नारी शक्ति साहित्य सम्मान’
RELATED ARTICLES


