spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईशक बना मौत की वजह, मछली को लेकर विवाद में युवक की...

शक बना मौत की वजह, मछली को लेकर विवाद में युवक की हत्या

मुंबई (सं.भा.): महानगर के गोरेगांव इलाके में एक बेहद चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जहां मामूली शक ने एक युवक की जान ले ली। मछली गायब होने को लेकर हुए विवाद में दो युवकों ने अपने ही साथी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे, जिन्हें पुलिस ने हरियाणा के कैथल से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक मृतक अफसर (35) गोरेगांव के वनराई इलाके में अपने दो साथियों सुरेश और राजेश उर्फ नेपाली के साथ रहता था। तीनों कचरा बीनने का काम करते थे और अस्थायी झोपड़ी में गुजर-बसर कर रहे थे। बताया जाता है कि 23 फरवरी को तीनों ने मिलकर मछली खरीदी और झोपड़ी में पकाते हुए शराब पी रहे थे।
कुछ समय बाद सुरेश और राजेश नशे में सो गए, जबकि अफसर वहीं बैठा रहा और बाद में वह भी सो गया। इसी दौरान कढ़ाई में रखी मछली को झोपड़ी में घूमने वाले चूहों ने खा लिया।
शाम को जब दोनों की नींद खुली तो कढ़ाई खाली देख उन्हें शक हुआ कि अफसर ने पूरी मछली खा ली है। इसी बात पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में दोनों ने पहले उसे जगाया और फिर लात-घूंसों से हमला कर दिया। इसके बाद पत्थर से वार किया गया, जिससे अफसर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद दोनों आरोपी वहां से भागकर हरियाणा के कैथल पहुंच गए। इस मामले की जांच कर रही वनराई पुलिस स्टेशन मुंबई की टीम के सामने शुरुआत में पहचान को लेकर बड़ी मुश्किल थी, क्योंकि मृतक और आरोपियों के पास कोई पहचान पत्र या मोबाइल फोन नहीं था।
पुलिस ने इलाके में कचरा बीनने वाले लोगों से व्यापक पूछताछ की और करीब दो सौ लोगों से जानकारी जुटाने के बाद मृतक की पहचान स्थापित की। जांच के दौरान आरोपियों के हरियाणा भागने का सुराग मिला, जिसके बाद पुलिस टीम ने कैथल में छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com