spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईडोंबिवली में युवक पर लाठी-डंडों से हमला, पांच आरोपी नामजद

डोंबिवली में युवक पर लाठी-डंडों से हमला, पांच आरोपी नामजद

कल्याण (सं.भा.): डोंबिवली में मामूली विवाद के बाद हिंसा की घटना सामने आई है। बाइक के टायर को लेकर हुई कहासुनी ने अचानक उग्र रूप ले लिया और पांच युवकों ने मिलकर बिड़ला कॉलेज के एक छात्र और उसके दोस्त की जमकर पिटाई कर दी। इस हमले में दोनों युवक घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कल्याण स्थित बिड़ला महाविद्यालय में 11वीं विज्ञान का 16 वर्षीय छात्र अपने दोस्त आकांश शाह के साथ सागर्ली इलाके में एक ऑटो पार्ट्स गैरेज पर बाइक ठीक कराने गया था। इसी दौरान इम्तियाज नैरुद्दीन अंसारी अपनी बाइक लेकर वहां पहुंचा।
बताया जा रहा है कि आकांश शाह ने इम्तियाज की बाइक के टायर को लेकर कुछ सवाल किया, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और इम्तियाज अंसारी ने अपने चार अन्य साथियों को बुलाकर छात्र और उसके दोस्त पर हमला कर दिया।
आरोप है कि सभी आरोपियों ने मिलकर दोनों युवकों को लात-घूंसों और डंडों से पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
इस मामले में तिलक नगर पुलिस स्टेशन डोंबिवली में इम्तियाज नैरुद्दीन अंसारी और उसके चार साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com