spot_img
Homeमुंबईपति आदित्य धर के जन्मदिन पर यामी गौतम ने साझा कीं खास...

पति आदित्य धर के जन्मदिन पर यामी गौतम ने साझा कीं खास यादें

मुंबई.(सं.भा.) अभिनेत्री यामी गौतम ने अपने पति और फिल्म निर्देशक आदित्य धर के जन्मदिन के मौके पर सोशल मीडिया पर खास अंदाज में उन्हें बधाई दी। अभिनेत्री ने उनके साथ बिताए कुछ यादगार पलों की तस्वीरें साझा करते हुए एक भावुक संदेश भी लिखा, जिसे प्रशंसकों ने खूब पसंद किया।
यामी गौतम द्वारा साझा की गई तस्वीरों में दोनों साथ में खुश नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में दोनों रेगिस्तान के रेत के टीलों के बीच खड़े दिखाई दे रहे हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में दोनों एक साथ सेल्फी लेते नजर आते हैं। इन तस्वीरों के साथ यामी गौतम ने लिखा कि काश उनके पास इतने शब्द होते कि वह बता पातीं कि आदित्य उनके लिए कितने खास हैं। उन्होंने अपने संदेश में आदित्य धर को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रति अपना स्नेह व्यक्त किया।
गौरतलब है कि यामी गौतम और आदित्य धर की मुलाकात फिल्म ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ के दौरान हुई थी। इस फिल्म में आदित्य धर निर्देशक थे और यामी गौतम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई और बाद में यह रिश्ता प्यार में बदल गया।
करीब तीन साल तक एक-दूसरे को जानने के बाद दोनों ने 4 जून 2021 को हिमाचल प्रदेश में अपने पैतृक घर पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह किया था। इस समारोह में केवल परिवार के करीबी सदस्य ही शामिल हुए थे।
दोनों अब एक बेटे के माता-पिता भी हैं, जिसका नाम वेदविद है। यामी गौतम और आदित्य धर अक्सर अपने परिवार और निजी जीवन की झलकियां प्रशंसकों के साथ साझा करते रहते हैं।
अगर आदित्य धर के करियर की बात करें तो उन्होंने अपने करियर की शुरुआत रेडियो जॉकी के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने फिल्मों के लिए गीत लेखन और पटकथा लेखन का काम भी किया। बाद में उन्होंने निर्देशन के क्षेत्र में कदम रखा और फिल्म ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ से उन्हें बड़ी सफलता मिली। इस फिल्म के लिए उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।
इसके बाद उनकी फिल्म ‘धुरंधर’ भी चर्चा में रही। वहीं यामी गौतम भी फिल्मों और अन्य प्रोजेक्ट्स में लगातार सक्रिय हैं और अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीतती रही हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com