spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईप्रॉपर्टी कार्ड का ‘वनवास’ खत्म: अब एक क्लिक में होंगे 45 तरह...

प्रॉपर्टी कार्ड का ‘वनवास’ खत्म: अब एक क्लिक में होंगे 45 तरह के बदलाव

मुंबई (सं.भा)मुंबई शहर के लाखों प्रॉपर्टी धारकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। वर्षों से लंबित प्रॉपर्टी कार्ड में फेरफार (म्यूटेशन) की प्रक्रिया अब पूरी तरह ऑनलाइन कर दी गई है। इस फैसले से करीब 30 लाख नागरिकों को सीधे लाभ मिलेगा और उन्हें अब सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से छुटकारा मिल जाएगा।
राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने सोमवार को विधानसभा में इस महत्वपूर्ण निर्णय की घोषणा की। उन्होंने बताया कि मुंबई शहर में पहली बार इस तरह की डिजिटल प्रणाली लागू की गई है, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और प्रक्रियाएं तेज होंगी।
अब तक मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में प्रॉपर्टी कार्ड की डिजिटल प्रणाली अलग-अलग होने के कारण तकनीकी बाधाएं सामने आती थीं। इसी वजह से मुंबई में ऑनलाइन फेरफार की प्रक्रिया लागू नहीं हो पा रही थी। लेकिन अब इन अड़चनों को दूर कर दिया गया है और सिस्टम को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है।
नई व्यवस्था के तहत मुंबई शहर के 19 राजस्व विभागों और 4 नगररचना योजनाओं से जुड़ी करीब 27,847 प्रॉपर्टी कार्ड की जानकारी को ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध कराया गया है। नागरिक अब इस पोर्टल के जरिए घर बैठे आवेदन कर सकते हैं और अपने आवेदन की स्थिति भी ऑनलाइन ट्रैक कर सकेंगे।
इस सिस्टम की खास बात यह है कि इसमें केवल खरीद-बिक्री ही नहीं, बल्कि कुल 45 प्रकार के फेरफार की सुविधा दी गई है। इनमें वारिस का नाम दर्ज कराना, गिफ्ट डीड, लीज, मॉर्गेज, भूमि अधिग्रहण, रोड सेटबैक और आरक्षण जैसी प्रक्रियाएं भी शामिल हैं।
सरकार का मानना है कि इस डिजिटल व्यवस्था से मानवीय हस्तक्षेप कम होगा, जिससे भ्रष्टाचार पर भी लगाम लगेगी और कामकाज में पारदर्शिता आएगी।
इस परियोजना को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए मुंबई शहर की जिलाधिकारी आंचल गोयल की विशेष सराहना की गई है।
मुंबई जैसे महानगर में जहां प्रॉपर्टी से जुड़े काम जटिल और समय लेने वाले होते हैं, वहां यह नई डिजिटल सुविधा नागरिकों के लिए ‘ई-गवर्नेंस’ की दिशा में एक बड़ी और राहत भरी पहल मानी जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com