डोंबिवली (सं. भा.) ठाणे जिले के कल्याण-डोंबिवली क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला डोंबिवली पूर्व का है, जहां दिनदहाड़े बंद फ्लैट का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपए की नकदी और सोने के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता वैशाली योगेशचंद्र लोहकरे, ओम यमुना माधव बिल्डिंग, वीर सावरकर रोड, डोंबिवली पूर्व की निवासी हैं। 4 अप्रैल की सुबह करीब 9:15 बजे वे घर बंद कर बाहर गई थीं। शाम करीब 6:20 बजे जब वे लौटीं, तो घर का मुख्य लोहे का दरवाजा टूटा हुआ मिला।
घर के अंदर जाकर देखने पर पता चला कि चोरों ने अलमारी से लॉकर की चाबी निकालकर लॉकर खोला और उसमें रखे करीब 3,02,500 रुपए नकद तथा 15 ग्राम सोने का मंगलसूत्र चोरी कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की वारदात से साफ है कि चोरों के हौसले बुलंद हैं। ऐसे में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग तेज हो गई है।
घर खाली देख चोरों का धावा, नकदी और जेवरात लेकर फरार
RELATED ARTICLES


