ठाणे (सं.भा.) मुंबई से सटे ठाणे जिले में एक बार फिर ढोंगी बाबाओं और तांत्रिकों का काला सच सामने आया है, जहां अंधविश्वास और डर का फायदा उठाकर लोगों को ठगा जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि इस बार एक शिक्षित और संपन्न परिवार भी इस जाल में फंस गया और काले जादू के नाम पर करोड़ों रुपए गंवा बैठा।
मामला ठाणे के घोडबंदर क्षेत्र का है, जहां एक कथित तांत्रिक ने परिवार की आर्थिक और पारिवारिक परेशानियों का फायदा उठाते हुए करीब 1 करोड़ 65 लाख रुपए की ठगी कर ली। कासारवडवली पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, एक सामुदायिक कार्यक्रम के दौरान परिवार की महिला की पहचान आरोपी से हुई, जिसने खुद को आध्यात्मिक साधक बताया। इसके बाद उसने परिवार से नजदीकी बढ़ाई और उनके घर आना-जाना शुरू कर दिया।
परिवार की समस्याओं की जानकारी मिलने पर आरोपी ने दावा किया कि उन पर काला जादू किया गया है और इसे हटाने के लिए विशेष पूजा-अनुष्ठान जरूरी है। इसी दौरान परिवार के साथ हुई कुछ सामान्य घटनाओं को भी उसने अशुभ संकेत बताकर उनका भरोसा जीत लिया।
इसके बाद आरोपी ने फरवरी से अप्रैल 2024 के बीच अलग-अलग पूजा और अनुष्ठानों के नाम पर लाखों रुपए वसूल किए। धीरे-धीरे उसने डर का माहौल बनाते हुए परिवार में विवाद, संबंध और संपत्ति से जुड़े झूठे दावे किए और न्यायालयीन मामलों को सुलझाने के नाम पर लगातार पैसे मांगता रहा।
डर और भरोसे के बीच फंसे परिवार ने आरोपी के बैंक खाते में कुल 1 करोड़ 65 लाख रुपए जमा कर दिए। हालांकि, जब आरोपी ने और पैसों की मांग शुरू की तो परिवार को ठगी का शक हुआ और उन्होंने पुलिस का रुख किया।
फिलहाल कासारवडवली पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसे ढोंगी बाबाओं और अंधविश्वास से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
अंधविश्वास का जाल: शिक्षित परिवार से करोड़ों ठगे, ठाणे में मामला दर्ज
RELATED ARTICLES


