- रेल मंत्री से मिलकर रखीं एसी लोकल, नई ट्रेन और स्टेशन विकास की मांगें
मुंबई (सं.भा.) पश्चिमी उपनगरों के लाखों रेल यात्रियों की सुविधाओं को लेकर बोरीवली के विधायक संजय उपाध्याय ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। उन्होंने बोरीवली रेलवे स्टेशन के पुनर्निर्माण, एसी लोकल सेवाओं के विस्तार, नई लोकल ट्रेनों के संचालन और यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी की मांग करते हुए कहा कि पश्चिम रेलवे के उपनगरीय नेटवर्क पर बढ़ते दबाव को देखते हुए तत्काल कदम उठाने की आवश्यकता है।

संजय उपाध्याय ने रेल मंत्री को लिखे पत्र में कहा कि बोरीवली रेलवे स्टेशन मुंबई के सबसे व्यस्त स्टेशनों में से एक है, जहां प्रतिदिन करीब 4.5 लाख यात्री आवागमन करते हैं। प्रधानमंत्री अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन के आधुनिकीकरण और पुनर्निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है, इसलिए इसकी प्रक्रिया में तेजी लाई जानी चाहिए।

उन्होंने बोरीवली से चर्चगेट के बीच एसी लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एसी लोकल सेवाओं का विस्तार जरूरी है। इसके अलावा दहाणू रोड, विरार और बोरीवली के बीच चल रही मेमू सेवाओं की जगह आधुनिक एसी-नॉन एसी लोकल ट्रेनें शुरू करने का भी प्रस्ताव रखा। उनका कहना था कि वर्तमान मेमू ट्रेनों में पुराने रैक होने के कारण यात्रियों को पर्याप्त रोशनी और वेंटिलेशन जैसी सुविधाएं नहीं मिलती हैं।

विधायक ने अंधेरी से बेलापुर तथा बोरीवली से बेलापुर तक एसी और नॉन एसी लोकल सेवाएं शुरू करने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि नवी मुंबई में एपीएमसी और एजुकेशन हब होने के कारण बड़ी संख्या में व्यापारी और विद्यार्थी रोजाना सफर करते हैं, जिन्हें कई बार ट्रेन बदलनी पड़ती है। इसके साथ ही बोरीवली से वसई-दिवा होते हुए कल्याण तक सीधी लोकल सेवा शुरू करने का सुझाव भी दिया, जिससे पश्चिमी उपनगरों के यात्रियों को दादर में ट्रेन बदलने की परेशानी से राहत मिल सके।

संजय उपाध्याय ने रेल मंत्री से इन सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक निर्णय लेकर जल्द कार्रवाई करने का अनुरोध किया। इस दौरान उन्होंने विले पार्ले रेलवे स्टेशन पर एस्केलेटर लगाने की अपनी पूर्व मांग पूरी होने पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार भी व्यक्त किया और विश्वास जताया कि उनकी अन्य मांगों पर भी शीघ्र निर्णय लिया जाएगा, जिससे लाखों यात्रियों को बेहतर और सुगम रेल सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।


