मुंबई (सं.भा.) हनुमान जयंती के दिन कांदिवली पश्चिम स्थित काला हनुमान मंदिर और पोईसर जिमखाना से 40 हैलोजन लाइटों की चोरी की वारदात ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। धार्मिक स्थल और सार्वजनिक परिसर को निशाना बनाकर की गई इस चोरी के बाद स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी देखने को मिली थी। करीब दो महीने तक पुलिस के लिए चुनौती बने इस मामले का आखिरकार कांदिवली पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी गए सभी 40 हैलोजन लाइट बरामद कर लिए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अक्षय नादगांवकर (30), वैभव मलेकर (32), प्रशांत अय्यर (28) और राहुल पाते (27) के रूप में हुई है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक करण सोनकवडे तथा क्राइम पीआई शेखर शिंदे के मार्गदर्शन में एपीआई हेमंत गीते के नेतृत्व में की गई। जांच टीम में पीएसआई प्रमोद दलवी, हवलदार सुनील शिंदे और पुलिसकर्मी राजेंद्र सांगले, विशाल तिजारे, महेश माली, सचिन कदम एवं आदित्य राणे शामिल रहे।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों का पता लगाया तथा उन्हें बोरीवली और कांदिवली क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सभी 40 हैलोजन लाइट बरामद कर लिए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी अक्षय नादगांवकर डेकोरेशन का व्यवसाय करता है और उसने अपने व्यवसाय में उपयोग करने के उद्देश्य से इस चोरी को अंजाम दिया था।
उल्लेखनीय है कि चोरी की घटना के बाद पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी और विधायक संजय उपाध्याय ने पुलिस प्रशासन को पत्र लिखकर मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की थी। मामले में स्थानीय अदालत ने चारों आरोपियों को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। फिलहाल कांदिवली पुलिस यह जांच कर रही है कि गिरफ्तार आरोपियों का संबंध अन्य चोरी की घटनाओं से भी है या नहीं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और संभावित अन्य वारदातों की भी पड़ताल कर रही है।


