नालासोपारा (सं.भा.)बीमार होने पर लोग अपनी सेहत और जिंदगी डॉक्टर के भरोसे छोड़ देते हैं, लेकिन जब बिना योग्यता और वैध अनुमति के कोई व्यक्ति डॉक्टर बनकर इलाज करने लगे तो यह मरीजों के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। पालघर जिले के नालासोपारा में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां स्वास्थ्य विभाग की जांच में एक कथित फर्जी डॉक्टर द्वारा क्लीनिक संचालित किए जाने का खुलासा हुआ। कार्रवाई करते हुए मनपा ने क्लीनिक को सील कर दिया है, जबकि संचालक के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, नालासोपारा पूर्व के पेल्हार क्षेत्र में स्थित एक निजी क्लीनिक की शिकायत स्वास्थ्य विभाग को मिली थी। शिकायत के आधार पर वसई-विरार शहर महानगरपालिका के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक का निरीक्षण किया। जांच के दौरान संचालक से चिकित्सा व्यवसाय से संबंधित आवश्यक दस्तावेज, डिग्री और पंजीकरण प्रमाणपत्र मांगे गए, लेकिन वह वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
प्राथमिक जांच में यह सामने आया कि संबंधित व्यक्ति एलोपैथिक चिकित्सा पद्धति के तहत मरीजों का उपचार कर रहा था। मामले को गंभीर मानते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्लीनिक को सील कर दिया और विस्तृत रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी।
स्वास्थ्य विभाग की शिकायत के आधार पर पेल्हार पुलिस ने क्लीनिक संचालक अखिलेश कुमार नन्हेलाल गुप्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान क्लीनिक से दवाइयां, इंजेक्शन, स्टेथोस्कोप, बीपी मशीन सहित कई मेडिकल उपकरण और दस्तावेज भी जब्त किए हैं।
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग अब यह जांच कर रहे हैं कि संबंधित व्यक्ति कितने समय से क्लीनिक चला रहा था और अब तक कितने मरीजों का इलाज कर चुका है। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि इलाज कराने से पहले डॉक्टर की योग्यता और क्लीनिक की वैधता की जांच अवश्य करें, ताकि किसी भी प्रकार के स्वास्थ्य जोखिम से बचा जा सके।


