spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईरेल मंत्री के निर्देश पर तेज हुई पुनर्विकास योजना, बदलेगी बोरीवली-कांदिवली की...

रेल मंत्री के निर्देश पर तेज हुई पुनर्विकास योजना, बदलेगी बोरीवली-कांदिवली की तस्वीर

मुंबई (सं.भा.) मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन से हर दिन लाखों लोग सफर करते हैं। खासकर बोरीवली और कांदिवली स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़, लंबी कतारें, पार्किंग की समस्या और प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में होने वाली परेशानियां लंबे समय से लोगों के लिए चुनौती बनी हुई हैं। अब इन समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद जगी है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के निर्देश के बाद बोरीवली और कांदिवली रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की प्रक्रिया तेज हो गई है। भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को केंद्र में रखकर दोनों स्टेशनों को आधुनिक और विश्वस्तरीय स्वरूप देने की दिशा में काम शुरू कर दिया गया है।

संजय उपाध्याय ने बताया कि रेल मंत्री से मुलाकात के बाद रेलवे लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (आरएलडीए) के वाइस चेयरमैन मनोज गर्ग और सीपीएम मुंबई डी.के. मिश्रा को योजना को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में अधिकारियों ने बोरीवली स्टेशन का दौरा कर जमीनी हालात का जायजा लिया और बाद में विस्तृत समीक्षा बैठक में स्टेशन के व्यापक विकास पर चर्चा की।

प्रस्तावित योजना के तहत यात्रियों के स्टेशन तक पहुंचने और बाहर निकलने की व्यवस्था को अधिक सुगम बनाया जाएगा। टैक्सी, ऑटो रिक्शा और निजी वाहनों की बेहतर कनेक्टिविटी विकसित की जाएगी। स्टेशन पर पर्याप्त टिकट विंडो, आधुनिक एवं स्वच्छ शौचालय, सभी प्लेटफॉर्म पर एस्केलेटर और स्टेशन परिसर का एकीकृत विकास किया जाएगा, जिससे कम जगह में अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

बोरीवली स्टेशन पर बढ़ते यात्री दबाव को कम करने के लिए कांदिवली स्टेशन को एक महत्वपूर्ण हब के रूप में विकसित करने की योजना भी बनाई जा रही है। इससे यात्रियों का बोझ संतुलित होगा और पश्चिमी उपनगरों के लाखों लोगों को बेहतर यात्रा सुविधा मिल सकेगी। इसके अलावा भविष्य की जरूरतों को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों में भूमि अधिग्रहण की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है।

इस परियोजना की सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इसे जनता की भागीदारी के साथ तैयार किया जाएगा। अगले सप्ताह बोरीवली स्टेशन पर एक विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा, जहां स्थानीय नागरिकों, यात्रियों और जनप्रतिनिधियों से सुझाव लिए जाएंगे। इन सुझावों को अंतिम मास्टर प्लान में शामिल किया जाएगा ताकि स्टेशन का विकास लोगों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप हो सके।

संजय उपाध्याय ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि मुलाकात के दूसरे ही दिन अधिकारियों को निर्देश देकर योजना पर काम शुरू कर दिया गया। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पुनर्विकास परियोजना पश्चिमी उपनगरों के लाखों यात्रियों के लिए राहत और सुविधा लेकर आएगी तथा बोरीवली और कांदिवली स्टेशन आधुनिक मुंबई की नई पहचान बनेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com